LIVE TVखबर 50खेल

आखिरी ओवर में अनिवेश का तूफान, नोएडा किंग्स ने गोरखपुर को 3 विकेट से हराया

यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के रोमांचक मुकाबले में नोएडा किंग्स ने गौर गोरखपुर लायंस को तीन विकेट से शिकस्त दी। 185 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अनिवेश चौधरी ने आखिरी ओवर में लगातार दो छक्के और चौका जड़कर एक गेंद शेष रहते टीम को जीत दिलाई। कार्तिक सिद्धू ने गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता।

WhatsApp Image 2026-08-20 at 9.04.30 PM

लखनऊ,  यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS में गुरुवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में नोएडा किंग्स ने गौर गोरखपुर लायंस को तीन विकेट से हरा दिया। 185 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नोएडा किंग्स को आखिरी ओवर में 18 रन की जरूरत थी, लेकिन अनिवेश चौधरी ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए एक गेंद शेष रहते टीम को जीत दिला दी।

गौर गोरखपुर लायंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट पर 185 रन बनाए थे। जवाब में नोएडा किंग्स ने 19.5 ओवर में सात विकेट खोकर 186 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

अनिवेश ने आखिरी ओवर में पलटा मैच

WhatsApp Image 2026-08-20 at 8.27.46 PM

नोएडा किंग्स को अंतिम दो ओवर में 23 रन की जरूरत थी। 19वें ओवर में अब्दुल रहमान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए केवल पांच रन दिए और नोएडा के सामने आखिरी छह गेंदों पर 18 रन का लक्ष्य रखा।

आखिरी ओवर की पहली गेंद पर कार्तिक सिद्धू के रन आउट होने से नोएडा की मुश्किलें बढ़ गईं। लेकिन इसके बाद अनिवेश चौधरी ने लगातार दो गेंदों पर छक्के जड़ दिए। दो रन लेने के बाद समीकरण दो गेंदों पर चार रन रह गया।

अनिवेश ने अगली गेंद पर चौका जड़कर नोएडा किंग्स को एक गेंद शेष रहते तीन विकेट से जीत दिला दी। उन्होंने महज 15 गेंदों पर दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 34 रन बनाए।

रवि और आदित्य ने संभाली पारी

WhatsApp Image 2026-08-20 at 8.27.45 PMWhatsApp Image 2026-08-20 at 8.27.42 PM

186 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नोएडा किंग्स की शुरुआत खराब रही। टीम ने शुरुआती विकेट जल्दी गंवा दिए और एक समय उसका स्कोर तीन विकेट पर 46 रन था।

इसके बाद आदित्य शर्मा और रवि सिंह ने मोर्चा संभाला। दोनों ने 70 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को मुकाबले में वापस ला दिया। आदित्य शर्मा ने 39 रन बनाए, जबकि रवि सिंह ने 28 गेंदों पर तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से 49 रन की शानदार पारी खेली।

हालांकि अंतिम चरण में नोएडा ने लगातार विकेट गंवाए और मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया। कार्तिक सिद्धू ने 17 रन का योगदान दिया, जबकि अंत में अनिवेश की विस्फोटक पारी ने टीम को जीत दिला दी।

गोरखपुर ने खड़ा किया था 185 रन का स्कोर

इससे पहले टॉस जीतकर गौर गोरखपुर लायंस के कप्तान आर्यन जुयाल ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम को सलामी बल्लेबाज अभय प्रताप सिंह ने शानदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने 41 गेंदों पर सात चौकों और चार छक्कों की मदद से 70 रन बनाए।

कप्तान आर्यन जुयाल ने 19 गेंदों पर 21 रन बनाए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 72 रन जोड़े। इसके बाद सिद्धार्थ यादव ने 28 गेंदों पर तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से 51 रन की आक्रामक पारी खेली।

अंतिम ओवरों में पार्थ पलावत ने सात गेंदों पर नाबाद 16 रन बनाए, जिससे गोरखपुर लायंस 20 ओवर में नौ विकेट पर 185 रन तक पहुंचने में सफल रहा।

कार्तिक सिद्धू बने प्लेयर ऑफ द मैच

नोएडा किंग्स की ओर से बॉबी यादव ने चार विकेट हासिल किए। उन्होंने चार ओवर में 48 रन देकर चार बल्लेबाजों को आउट किया। कार्तिक सिद्धू ने भी चार ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट लिए और बाद में बल्ले से 17 रन का योगदान दिया।

गेंद और बल्ले से उपयोगी प्रदर्शन के लिए कार्तिक सिद्धू को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

WhatsApp Image 2026-08-20 at 8.24.35 PM

मैच की औपचारिक शुरुआत डॉ. राजशेखर, आईएएस एवं प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण), लखनऊ ने पारंपरिक घंटा बजाने की रस्म के साथ की। इस अवसर पर यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, सदस्य संजीव कुमार सिंह और पूर्व भारतीय क्रिकेटर मनिंदर बिस्ला समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button