पीडीए के नाम पर वोट मांगती है सपा, नेतृत्व में वंशवाद को बढ़ावा: सूरज पासी

लाखन आर्मी के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज पासी ने समाजवादी पार्टी के पीडीए के नारे को छलावा बताया है। सोमवार को दरियाबाद में आयोजित जनसभा में उन्होंने आरोप लगाया कि सपा को पासी समाज का वोट तो चाहिए, लेकिन नेतृत्व देने के बजाय वंशवाद को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से सवाल किया कि जब पासी समाज को पूरी हिस्सेदारी नहीं देनी है तो उससे पूरे वोट की अपेक्षा क्यों की जाती है? कहा कि पीडीए के नाम पर पासी समाज को गुमराह करना बंद होना चाहिए।
नेता का बेटा ही नेता क्यों बनेगा
सूरज पासी ने कहा कि राजनीतिक दलों में कुछ परिवारों का वर्चस्व होने से संघर्षशील नौजवानों को आगे बढ़ने का अवसर नहीं मिल पाता। सवाल किया कि नेता का बेटा ही नेता क्यों बनेगा? क्या समाज के दूसरे युवाओं में नेतृत्व की क्षमता नहीं है? उन्होंने राम बाबू पासी जैसे युवाओं को आगे बढ़ाने की बात कही। कहा कि पासी समाज की राजनीतिक भागीदारी केवल आरक्षित विधानसभा सीटों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। सामान्य सीटों पर भी समाज के लोगों को अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पासी समाज कब तक दूसरे दलों के कार्यक्रमों में दरी बिछाता और कुर्सियां लगाता रहेगा। अब समाज को अपना नेतृत्व तैयार करना होगा। ऐसा नेतृत्व जो बच्चों की शिक्षा, रोजगार, सरकारी नौकरियों और समाज के अधिकारों के लिए खड़ा हो सके।
ऐतिहासिक विरासत को मिले सम्मान
सूरज पासी ने राजा गंगा बख्श रावत की प्रतिमा बाराबंकी के प्रमुख चौराहे पर स्थापित कराने की मांग की। उन्होंने रानी किदमा पासी और महाराजा सातन पासी के ऐतिहासिक किलों के संरक्षण तथा कथित अतिक्रमण का मुद्दा भी उठाया। लखनऊ स्थित महाराजा कंसा पासी के किले और भगवान शिव मंदिर को कथित कब्जे से मुक्त कराने का संकल्प दोहराया।
धर्मांतरण और विदेशी फंडिंग को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए। आरोप लगाया कि कुछ संगठन आर्थिक प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन करा रहे हैं। ऐसे मामलों में विदेशी धन के इस्तेमाल की जांच की मांग की।
शराब के लालच में वोट का सौदा न करें
सूरज पासी ने समाज के लोगों से चुनाव के दौरान शराब और रुपये के प्रलोभन से बचने की अपील की। कहा कि थोड़े से लालच में पांच साल का भविष्य दांव पर नहीं लगाना चाहिए। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने, बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देने और दहेज प्रथा का विरोध करने का आह्वान किया। गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में सामूहिक सहयोग पर भी जोर दिया।



