LIVE TVMain Slideउत्तर प्रदेशखबर 50देश

लखनऊ में आज ब्राह्मण परिवार का 16वां स्थापना दिवस मनाया गया

लखनऊ में रविवार को ब्राह्मण परिवार का 16वां स्थापना दिवस मनाया गया। कानपुर रोड स्थित अवस्थी लॉन में हुए इस समारोह में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और CM योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए।

दरअसल, लखनऊ में ब्राह्मण परिवार का वार्षिक समारोह कई साल से आयोजित किया जाता रहा है। लेकिन इस बार यह कुछ खास रहा। इसके सहारे भाजपा ने ब्राह्मण समाज को एकजुट करने की कोशिश की।

CM योगी आदित्यनाथ ने समारोह में कहा कि जब हम ब्राह्मण की बात करते हैं, तो एक संकल्पना अपने आप सबके सामने आ जाती है। ब्राह्मण का मतलब संस्कार, संस्कृति और धर्म से है। वे खुद कष्ट भोगते हैं, लेकिन धर्म पर आंच नहीं आने देते।

उन्होंने कहा कि अगर आज सनातन धर्म जीवित है, तो इसलिए क्योंकि वह ब्रह्म तत्व हमारे पास मौजूद है। जो आत्मा में हमेशा विराजमान रह कर खुद कष्ट सहते हुए भी उसे आंच नहीं आने देता। उन्होंने कहा कि एक तरफ राष्ट्रनायक सरदार वल्लभभाई पटेल हैं

और दूसरी तरफ खलनायक के रूप राष्ट्र तोड़ने वाले जिन्ना भी हैं। अगर कोई सरदार पटेल की तुलना जिन्ना से करने लग जाए, तो ये वोट बैंक की राजनीति होगी। जिसके लिए देश की कीमत पर राजनीति करना हो सकता है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ब्राह्मण परिवार के मुखिया शिवशंकर अवस्थी ने लखनऊ और यूपी के अन्य समाज के लोगों को जोड़ने का काम किया है। जब भी हमारे ब्राह्मण समाज की बात चलती है, तो इस देश की ऋषि परंपरा सामने आती है।

डिप्टी CM दिनेश शर्मा ने कहा कि देव गुणों का समावेश जिसमें होता है, वही ब्राह्मण कहलाता है। यह कोई जाति नहीं, विचारधारा है। खुद भिक्षाटन कर दूसरा को राजा बनाने वाला ब्राह्मण वर्ग रहा है। आज का दौर बदल चुका है।

शीर्ष स्थानों पर आज भी इस वर्ग का दबदबा है। लोग संस्कार सीखते हैं, तो ब्राह्मण परिवार से सीखते हैं। उन्होंने कहा कि ब्राह्मणों के नाम पर तिलक-तराजू का नारे लिखने वाले ब्राह्मण सम्मेलन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि 58 ब्राह्मण विधायक भाजपा के हैं। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर केंद्र के तमाम पदाधिकारी ब्राह्मण हैं। उन्होंने कहा कि मैं खुद कर्मकांडी ब्राह्मण के परिवार से हूं।

उधर, ब्राह्मण परिवार के अध्यक्ष शिवशंकर अवस्थी ने कहा कि आप सब जितना संगठित रहेंगे, उतना सम्मान बरकरार रहेगा। उन्होंने कहा कि सीएम की जानकारी में लाना चाहता हूं

कि पीएम ने जो गरीब संवर्ण के लिए आरक्षण से शुरुआत की गई, उसमें उम्र की सीमा की बाधा को समाप्त करें। मुख्यमंत्री लखनऊ कैंट से चुनाव लड़ें, नॉमिनेशन के बाद चुनाव जीतकर ब्राह्मण समाज देगा।

कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य डॉ. अशोक पांडेय, विधि एवं न्यायमंत्री ब्रजेश पाठक, महापौर संयुक्ता भाटिया, महिला एवं बाल विकास मंत्री स्वाती सिंह, सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी, विधायक सुरेश चंद्र तिवारी, अविनाश त्रिवेदी, सुधाकर त्रिपाठी व उमेश द्विवेदी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button