LIVE TVMain Slideजीवनशैलीदेश

घर पर मिनटों में बनाए जा सकते हैं मोजऱैला चीज़ के ये पांच व्यंजन, जानिए रेसिपी

वैसे तो मार्केट में कई तरह की चीज़ मौजूद हैं, लेकिन उनमें से सबसे ज्यादा मोजऱैला चीज़ को लोकप्रिय माना जाता है। चीज का नाम सुनते ही बच्चों से लेकर बड़ों तक के मुंह में पानी आ जाता है। खैर, अगर आपको और आपके परिवार को भी मोजऱैला चीज़ पसंद है तो आप घर पर हमारे द्वारा बताए जाने वाले कुछ आसान मोजऱैला चीज़ी व्यंजन ट्राई कर सकते हैं। आइए आज मोजऱैला चीज़ के पांच व्यंजनों की रेसिपी बताते हैं।
बेक्ड टोमैटो विद चीज़
आप इस क्लासिक इटैलियन डिश को कुछ ही मिनट में तैयार करके इसका जायका ले सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले एक बेकिंग प्लेट पर एक टमाटर काट लें, फिर उनके ऊपर ढेर सारा मोजऱैला और परमेसन चीज़ डालें। इसके बाद टमाटर पर तुलसी की कुछ पत्तियां, स्वादानुसार नमक और जैतून का तेल डालें। अब बेकिंग प्लेट को ओवन में रखकर 10 मिनट के लिए बेक करें, फिर इस व्यंजन कों नाश्ते या साइड डिश के रूप में खाएं।
मार्गेरिटा पिज्जा
अगर आप पहली बार कोई पिज्जा बनाना जा रहे हैं तो आपके लिए मार्गेरिटा पिज्जा बनाना आसान होगा। इसे बनाने के लिए सबसे पहले बाजार से मिलने वाले रेडीमेड पिज्जा बेस लें और उस पर टोमैटो या फिर पिज्जा सॉस अच्छे से स्प्रेड करें। इसके बाद इस पर मोजऱैला चीज़ को कद्दूकस करके अच्छे से गार्निश करें। अब पिज्जा को ओवन ग्रील पर रखकर चार मिनट तक बेक करें, फिर इस स्वादिष्ट व्यंजन का जायका लें।
चीज़ी गार्लिक ब्रेड
चीज़ी गार्लिक ब्रेड बनाने के लिए सबसे पहले ओवन को प्री-हीट करें। इसके बाद हॉट डॉग वाली ब्रेड को बीच में से काट लें, फिर एक कटोरे में एक चम्मच मक्खन, थोड़ा बारीक कटा लहसुन, स्वादानुसार नमक, एक चुटकी काली मिर्च का पाउडर और थोड़ा जैतून का तेल मिलाकर इस मिश्रण को ब्रेड की स्लाइस पर फैलाएं। इसके बाद मोजऱैला चीज़ को कद्दूकस करके ब्रेड पर डालें और इसे 10 मिनट तक ओवन में बेक करके परोसें।
मैक एंड चीज़
मैक एंड चीज़ एक ऐसा स्वादिष्ट व्यंजन है, जो अपनी दो प्रमुख सामग्रियों के कारण लोकप्रिय है एक तो पास्ता और दूसरा, मोजऱैला चीज़। इसके लिए सबसे पहले एक पैन में थोड़ा दूध उबालें, फिर उसमें पास्ता डालें। अब 10 मिनट तक इस मिश्रण को करछी की मदद से हिलाएं और ठीक से पकाएं। अब इसमें मोजऱैला चीज़ कद्दूकस करके डालें और जब चीज़ अच्छे से पिघल जाए तो समझ जाइए मैक एंड चीज तैयार है और इसे गर्मा-गर्म परोसें।
ऑलिव ऑयल मैरीनेटेड मोजऱैला चीज़ बॉल्स
इस नो-कुक रेसिपी के लिए आपको सबसे पहले एक कटोरे में एक से दो कप जैतून का तेल, थोड़ा बारीक कटा लहसुन, आपकी पसंदीदा हर्बस, चिली फ्लेक्स और स्वादानुसार नमक मिलाएं। इसके बाद इस मिश्रण में मोजऱैला चीज़ के बॉल्स बनाकर डालें और सभी चीजों को अच्छी तरह से मिलाएं। परोसने से पहले इसे एक घंटे के लिए मैरीनेट करें। ध्यान रखें कि चीज़ बॉल्स जितनी देर जैतून के तेल में भिगोएंगे, वे उतने ही स्वादिष्ट बनेंगे।

Related Articles

Back to top button