LIVE TVMain Slideदेशमनोरंजनमहाराष्ट्र

डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर आएगी अहान शेट्टी और तारा सुतारिया की फिल्म तड़प

सुनील शेट्टी के बेटे अहान शेट्टी ने साजिद नाडियाडवाला की फिल्म तड़प से बॉलीवुड में कदम रखा था। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री तारा सुतारिया नजर आईं। फिल्म को दर्शकों से ठीक-ठाक प्रतिक्रिया मिली। अहान और तारा की केमिस्ट्री ने भी दर्शकों का दिल जीत लिया। अब जो दर्शक इस फिल्म को सिनेमाघरों में देखने से वंचित रह गए, वे ओटीटी प्लेटफॉर्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर इसका लुत्फ उठा सकते हैं।
तड़प डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर 28 जनवरी यानी अगले शुक्रवार को स्ट्रीम की जा रही है। इसकी जानकारी फिल्म के निर्देशक मिलन लूथरिया ने सोशल मीडिया के जरिए दी। मिलन ने बताया कि 28 जनवरी को उनका जन्मदिन होता है और इसी दिन फिल्म ओटीटी का रुख करेगी। कोरोना महामारी की अनिश्चतताओं के बीच अहान की पहली फिल्म तड़प सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया था।
तड़प एक रोमांटिक एक्शन ड्रामा फिल्म है, जिसमें अहान और तारा की जोड़ी नजर आई। फिल्म के लिए अहान को खूब तारीफें मिलीं और उन्हें फ्यूचर स्टार बताया गया। तडप 2018 में रिलीज हुई तेलुगु फिल्म  आरएक्स 100 का हिंदी रीमेक है। ओरिजनल फिल्म में कार्तिकेय गुम्माकोंडा और पायल राजपूत ने काम किया था। इस फिल्म के हिंदी रीमेक बनाने का ऐलान मार्च, 2019 में किया गया था। कोरोना महामारी के कारण फिल्म को पूरा होने में समय लग गया।
तड़प के बाद अहान की दूसरी फिल्म का ऐलान अभी नहीं हुआ है, वहीं तारा ने करण जौहर की फिल्म स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2 से बॉलीवुड में एंट्री की थी। इसके बाद उन्हें मरजावां में देखा गया था। तड़प तारा की तीसरी फिल्म है।
तड़प ने बॉक्स ऑफिस पर शुरुआती एक हफ्ते में शानदार पकड़ बनाए रखी। फिल्म ने एक हफ्ते में अपना बजट पार कर लिया था। तड़प ने भारत में एक हफ्ते में कुल 21 करोड़ रुपये की कमाई की थी। दुनियाभर में फिल्म ने एक हफ्ते में कुल 24.5 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी। यह फिल्म अब तक भारतीय बॉक्स ऑफिस से 26.91 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है। तड़प 3 दिसंबर को रिलीज हुई थी।
बता दें कि पिछले साल सिनेमाघरों में आईं कई फिल्मों ने ओटीटी का रुख किया। अक्षय कुमार की फिल्म सूर्यवंशी ने बॉक्स ऑफिस पर अपना जलवा दिखाने के बाद नेटफ्लिक्स पर धूम मचाई। फिल्म चंडीगढ़ करे आशिकी भी बाद में नेटफ्लिक्स पर आई। बंटी और बबली 2 अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम की गई। फिल्म सत्यमेव जयते 2 को भी प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम किया गया। फिल्म पुष्पा भी सिनेमाघरों के बाद अब प्राइम वीडियो पर धमाल मचा रही है।

Related Articles

Back to top button