LIVE TVउत्तर प्रदेशखबर 50दिल्ली एनसीआरदेशप्रदेशबड़ी खबर

भीषण गर्मी और लू की चपेट में पलामू… अधिकतम पारा 46 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान

पलामू में गर्मी का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। लोग गर्मी कम होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं और गर्मी है कि मानती ही नहीं। रविवार को तो पलामू का अधिकतम पारा ( डालटेनगंज) 46 डिग्री पार हो गया। 46.17 डिग्री अधिकतम पारा रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को झारखंड के डालटनगंज में लू की स्थिति देखी गई। शनिवार को भी पलामू में हिट वेब (लू) चली थी। अधिकतम पारा था- 45.7 डिग्री।

जिले में टूट रहा गर्मी व तापमान का रिकार्ड

मौसम विभाग रांची के अनुसार आज सोमवार को भी पलामू के मौसम में तल्खी बरकरार रहेगी। अधिकतम पारा 46 डिग्री के आसपास रहेगा। रविवार को पलामू का अधिकतम 46.1 डिग्री और न्यूनतम 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सामान्य से 5.6 डिग्री ज्यादा तापमान रहा। जिला में भीषण गर्मी व तापमान ने तमाम रिकार्ड तोड़ दिए हैं। आसमान से हो रही आग की बारिश से पलामू झुलस रहा है। जन-जन परेशान हैं। हाल है कि तापमान के मसले पर पलामू देश भर के टाप-5 जिलों में शुमार हो रहा है। यह जिला झारखंड का सबसे गर्म जिला बन चुका है।

लोगों का अपने घरों से निकलना मुश्किल

तपती गर्मी में घरों से निकलकर बाजार-दुकान जाना भी लोगों के लिए अब मुश्किल खड़ी करने लगा है। मौसम का बिगड़ता मन-मिजाज पलामू क्षेत्र के लिए बड़ी चेतावनी है। अगर नहीं चेते तो आने वाले वर्षों में पलामू का जन-जीवन खतरे में पड़ जाएगा। पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर का हाल है कि सड़क पर निकलने वाले लोगों के समक्ष चेहरे को ढंकना मजबूरी बन गया है। रविवार को शहर के छह मुहान, डाबर रोड आदि जगहों पर लगे पनशालों में लोगों की भीड़ लगी रही। पानी पी रही महिलाओं से बातचीत करने पर उन्होंने बताया कि घर से पानी लेकर निकले नहीं हैं और प्यास की शिद्दत सता रही थी। अचानक पनशाला दिखा तो खुद को रोक नहीं पाए। प्यास की शिद्दत के कारण यहां पहुंचे हैं। पानी पीने के बाद थोड़ी राहत मिली है, लेकिन गर्मी का जुल्म अब भी बरकरार है।

Related Articles

Back to top button