LIVE TVMain Slideउत्तर प्रदेशखबर 50देशप्रदेशबड़ी खबर

गुजरात के लोक भवन में मना उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस, ए.के. शर्मा बोले—नई विकास गाथा लिख रहा उत्तर प्रदेश

लखनऊ (आरएनएस )गुजरात के लोक भवन में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने सहभागिता की। एक भारत–श्रेष्ठ भारत की भावना को साकार करते हुए इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के साथ-साथ असम, त्रिपुरा, मणिपुर और मेघालय का स्थापना दिवस भी उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झलकियों ने आपसी सौहार्द और राष्ट्रीय एकता का सुंदर दृश्य प्रस्तुत किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश की विकास यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास की नई इबारत लिख रहा है। प्रदेश सरकार के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश हर क्षेत्र में प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

ए.के. शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश संस्कृति, पर्यटन, शिक्षा, ऊर्जा, स्वास्थ्य, निवेश, उद्योग और सुशासन के क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। बेहतर बुनियादी ढांचे का निर्माण, निवेश के लिए अनुकूल वातावरण और पारदर्शी शासन व्यवस्था ने उत्तर प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश केवल राष्ट्रीय स्तर पर ही नहीं, बल्कि वैश्विक मंच पर भी अपनी सशक्त पहचान बना रहा है।अपने संबोधन में मंत्री ने प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि अपराध और गुंडागर्दी के खिलाफ सख्त कार्रवाई से प्रदेश की कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और सुधार से आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने कहा कि कभी ‘बीमारू राज्य’ के रूप में पहचाने जाने वाला उत्तर प्रदेश अब उस छवि को पूरी तरह पीछे छोड़ चुका है।

ए.के. शर्मा ने अन्नदाता किसानों के कल्याण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के संकल्प के साथ सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन प्रदेश की जनता के सहयोग, विश्वास और सहभागिता से संभव हो पाया है, जिसने शासन को नई ऊर्जा और दिशा दी है।इस अवसर पर गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने भी उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और प्रदेश की प्रगति की सराहना की। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सहित असम, त्रिपुरा, मणिपुर और मेघालय के अनेक गणमान्य प्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button