
मिल्कीपुर-अयोध्या। मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के अहरन सुवंश स्थित श्री गणेश सिंह महाविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता संपन्न हो गई। फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने रोमांचक मुकाबले में धनबाद रेलवे को पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल में धनबाद रेलवे ने एनईआर गोरखपुर को तीन सेटों से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने दिल्ली को सीधे सेटों में पराजित कर अपनी फाइनल सीट पक्की की। प्रतियोगिता बीते 1 फरवरी, रविवार को आयोजित की गई थी। इससे पहले 31 जनवरी, शनिवार को सुंदरकांड पाठ, पूर्णाहुति और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम रखा गया था।
आयोजक देवबक्श सिंह ने बताया कि इस राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में धनबाद रेलवे, उत्तर प्रदेश पुलिस, डीएलडब्ल्यू वाराणसी, साईं हॉस्टल कुरुक्षेत्र, दिल्ली, एनईआर गोरखपुर, आजमगढ़ हॉस्टल और गंगापुर आजमगढ़ की टीमों ने प्रतिभाग किया।प्रतियोगिता में कुल एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया। विजेता टीम को 51 हजार रुपये नकद व ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 31 हजार रुपये नकद व ट्रॉफी प्रदान की गई। उत्तर प्रदेश पुलिस टीम के खिलाड़ी श्रेयांश तोमर को उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द टूर्नामेंट के खिताब से नवाजा गया। इस अवसर पर विधायक गोसाईगंज अभय प्रताप सिंह, नगर पालिका कुमारगंज के चेयरमैन विकास सिंह उर्फ छोटू भैया, मिंटू सिंह और सतपाल सिंह सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
श्री गणेश सिंह महाविद्यालय के प्रबंधक हरिबक्श सिंह और संरक्षक देवबक्श सिंह इस राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के मुख्य आयोजक थे। टूर्नामेंट की व्यवस्था की जिम्मेदारी विनय कुमार तिवारी (बिन्नू भैया),मोहम्मद वसीम खान, सोनू सिंह, साधू सिंह,कवि अरुण कुमार द्विवेदी, अजीत सिंह, राजबक्श सिंह और अनिल सिंह को सौंपी गई थी। निर्णायक मंडल में इंटरनेशनल रेफरी उपेंद्र प्रताप सिंह, नेशनल रेफरी राम शिरोमणि सिंह, अंकित प्रताप सिंह, पंकज द्विवेदी और अनूप कुमार शामिल रहे कॉमेंटेटर के रूप में सरवरे आलम, वसीम खान,इमरान खान शामिल रहे। इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति और खेल प्रेमी उपस्थित रहे



