गणित समझने तथा अभ्यास का विषय -प्रोफेसर सत्यदेव

प्रयागराज। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश के तत्वाधान में जिला विज्ञान क्लब प्रयागराज द्वारा राष्ट्रीय गणित दिवस के प्रति जागरूकता पर आधारित कार्यक्रम का आयोजन केसर विद्यापीठ इंटरमीडिएट कॉलेज प्रयागराज में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय प्रयागराज के के गणित विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर सत्यदेव रहे। अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि गणित समझने तथा अभ्यास का विषय है महान गणितज्ञ रामानुजन की जयंती पर वर्ष 2012 से राष्ट्रीय गणित दिवस मनाया जाता है। यह दिवस गणित विषय के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने तथा विद्यार्थियों को गणित के प्रति अभिरुचि उत्पन्न करने के लिए मनाया जाता है। कार्यक्रम में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के सहायक प्रोफेसर डॉ अल्पेश कुमार द्वारा गणित के महत्व तथा सामान्य अनुप्रयोग पर व्याख्यान प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए जूनियर तथा सीनियर दो वर्गों में गणित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता के सभी विजेताओं को जिला विज्ञान क्लब की ओर से प्रशस्ति पत्र तथा पुरस्कार प्रदान किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिया गया। विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य दिनेश सिंह द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत किया गया तथा कोऑर्डिनेटर जिला विज्ञान क्लब प्रयागराज डॉ लालजी यादव के द्वारा कार्यक्रम का समन्वयंन किया गया। कार्यक्रम का संचालन आशीष कुमार श्रीवास्तव द्वारा किया गया।



