होली में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस का फ्लैग मार्च*

खरगूपुर, गोण्डा। स्थानीय पुलिस ने होली को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने के लिए फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की।फ्लैग मार्च थाना परिसर से शुरू होकर फतेहगढ, नरायनापुर, पचरन, झालीधाम, विशुनापुर, बेलभरिया, लोनवा दरगाह आदि गांव और मुख्य बाजारों में निकाला गया। पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ मौजूद रहा और दुकानदारों और आम नागरिकों से संवाद कर त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने का संदेश दिया। थाना प्रभारी शेषमणि पांडेय ने कहा, “होली के दौरान हुड़दंग, शराब पीकर हंगामा करने और शांति भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करने से भी बचें।” पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।



