नवजात मौत मामले में सीएमओ नें की कार्यवाही कई निजी अस्पताल व लैब सेंटरों की जांचोपरांत मांगे वैध अभिलेख

गोण्डा। जनपद के इटियाथोक में स्थित मेट्रो अस्पताल में नवजात की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया है। सीएमओ डाक्टर संतलाल पटेल ने अपनी टीम के साथ उक्त अस्पताल सहित कई निजी अस्पतालों और लैब सेंटरों पर रविवार को छापा मारा और जानकारी हासिल की।
सिसऊर अंदूपुर गांव की रजनी को शुक्रवार को प्रसव के लिए इटियाथोक सीएचसी के निकट हरैय्याझूमन स्थित मैट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों ने आरोप लगाया है कि बिना सूचित किए ऑपरेशन कर दिया गया, जिससे नवजात की मौत हो गई। मृत नवजात के सीने पर जख्म के निशान भी थे। पीड़ित परिवार ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए इटियाथोक थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नवजात की मौत का कारण सांस नली में पानी जाना बताया गया है। वहीं अस्पताल प्रबंधक काजल तिवारी ने मौत का कारण ऑक्सीजन लेवल कम होना बताया है। सीएमओ डाक्टर संतलाल पटेल ने उक्त प्रकरण को संज्ञान लेकर रविवार को मैट्रो अस्पताल और तृषा लैब सेंटर का निरीक्षण किया। जेपी हॉस्पिटल के प्रबंधक से भी पूछताछ की गई। छापे की सूचना मिलते ही राज पैथोलॉजी सेंटर का संचालक दुकान बंदकर फरार हो गया।सीएमओ ने बताया कि सभी अस्पतालों और लैब सेंटरों से जरूरी कागजात मांगे गए हैं। जरूरी कागज उपलब्ध ना कराने पर संबंधित अस्पताल, लैब सेंटरों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।



