LIVE TVउत्तर प्रदेशखेल

ग्रीनपार्क स्टेडियम में 49 रुपये में यूपी टी-20 लीग का रोमांच देखेंगी छात्राएं

कानपुर, ग्रीनपार्क स्टेडियम एक बार फिर क्रिकेट के रोमांच से गुलजार होने वाला है। 28 अगस्त से छह सितंबर तक यहां यूपी टी-20 लीग के मुकाबले खेले जाएंगे। खास बात यह है कि छात्राएं महज 49 रुपये में मैच का मजा…

कानपुर, । ग्रीनपार्क स्टेडियम एक बार फिर क्रिकेट के रोमांच से गुलजार होने वाला है। 28 अगस्त से छह सितंबर तक यहां यूपी टी-20 लीग के मुकाबले खेले जाएंगे। खास बात यह है कि छात्राएं महज 49 रुपये में मैच का मजा ले सकेंगी। छात्राओं के लिए यह टिकट सिर्फ ऑफलाइन ही मिलेगा।

लीग के टिकटों की ऑनलाइन बिक्री शुक्रवार शाम से जोमैटो पर शुरू हो जाएगी। यूपीटी 20 लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 11 दिनों में ग्रीनपार्क में कुल 12 मुकाबले होंगे। लीग की शुरुआत 28 अगस्त की शाम से होगी। ज्यादा से ज्यादा लोग मैच देखने पहुंचें, इसलिए टिकटों के दाम भी जेब के हिसाब से रखे गए हैं।

स्टैंड के हिसाब से टिकट के दाम

ग्रीनपार्क के अलग-अलग स्टैंड के टिकटों की कीमत तय कर दी गई है। बी गैलरी स्टैंड का टिकट 49 रुपये रखा गया है, जो सिर्फ ऑफलाइन मिलेगा। बी जनरल, सी स्टॉल और ई पब्लिक स्टैंड के टिकट 99 रुपये के होंगे। सी बालकनी का टिकट 149 रुपये, ए ग्राउंड पवेलियन और पवेलियन ग्राउंड के टिकट 199 रुपये के होंगे। डी चेयर का टिकट 249 रुपये रखा गया है।वहीं न्यू प्लेयर्स पवेलियन सेकेंड फ्लोर, ए बालकनी, पवेलियन बालकनी और वीआईपी पवेलियन के टिकट 349 रुपये में मिलेंगे।

हर दिन मिलेंगे करीब 100 इनाम

लीग में सिर्फ क्रिकेट का रोमांच ही नहीं होगा, बल्कि दर्शकों के लिए रोजाना इनाम भी रखे गए हैं। हर दिन करीब 100 पुरस्कार दिए जाएंगे। ‘कैच ऑफ द मैच’ में छक्के की गेंद पकड़ने वाले दर्शक को 5100 रुपये का इनाम मिलेगा।इसके अलावा ‘जो आएगा वो पाएगा, जो सोएगा वो खोएगा’ की तर्ज पर 200 सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। फाइनल मुकाबले में मेगा लकी ड्रॉ निकाला जाएगा। इसमें टीवी, फ्रिज और वॉशिंग मशीन जैसे बड़े इनाम जीतने का मौका मिलेगा।हर मैच में ‘फैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार भी दिया जाएगा। इसके तहत चुने गए फैन को विजेता टीम के कप्तान के साइन वाली गेंद दी जाएगी।

दर्शकों को मिलेगा क्रिकेट के साथ मनोरंजन का मजा

लीग चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि आयोजन का मकसद ज्यादा से ज्यादा दर्शकों को स्टेडियम तक लाना है। दर्शक क्रिकेट के साथ मनोरंजन का भी शानदार अनुभव ले सकें, इसका पूरा ध्यान रखा गया है।

यूपीसीए के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने बताया कि यूपी टी-20 लीग के मैचों का प्रसारण 200 से ज्यादा देशों में किया जाएगा। ग्रीनपार्क में दर्शकों को रिंकू सिंह, भुवनेश्वर कुमार, समी रिजवी, आयुष जुरैल और करण शर्मा समेत कई स्टार खिलाड़ियों को खेलते देखने का मौका मिलेगा। प्रेसवार्ता में संजय तिवारी, अहमद अली खान तालिब समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button