
गोण्डा। जिला पंचायत सभागार, गोण्डा में “एक जनपद-एक व्यंजन” (ओ०डी०ओ०सी०) योजना के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। आयोजित कार्यशाला में जनपद की प्रसिद्ध कचौड़ी व इटियाथोक के दही बड़े का चयन होने की जानकारी देते हुए उपस्थित लाभार्थियों को ओ०डी०ओ०सी० योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए उन्हें जागरूक एवं अवगत कराया गया। कार्यक्रम के दौरान खादी ग्रामोद्योग अधिकारी द्वारा इस योजना के अन्तर्गत उपलब्ध अवसरों पर प्रकाश डाला गया। खाद्य विभाग के अधिकारियों द्वारा उत्पादों की बेहतर पैकेजिंग, हाइजीन के मानकों, गुणवत्ता नियंत्रण तथा स्वीकृत फूड कलर्स के सही उपयोग की जानकारी दी गई। श्रम विभाग द्वारा श्रम कानूनों व श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में उद्यमी भूपेन्द्र आर्या व इटियाथोक के कृपाशंकर शुक्ला द्वारा भी अपने विचार व्यक्त किए गए। इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग बाबूराम, जिला खादी ग्राम उद्योग अधिकारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, सहायक खाद्य सुरक्षा अधिकारी, खाद्य सुरक्षा आयुक्त एवं बाट-माप विभाग के प्रतिनिधि सहित अन्य गणमान्य उद्यमीगण भी कार्यक्रम में सक्रिय रूप से सम्मिलित हुए।



