उत्तर प्रदेश

हाईवे पर कोहरे में टकराए वाहन, हादसे में चार की मौत

यहां हाईवे पर कोहरे में वाहनों के टकराने से रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ।घटना में चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक एसेंट कार दुर्घटनाग्रस्त हाेने के बाद आग का शिकार हुई। इससे घंटो जाम लगा रहा। हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

ये है पूरा मामला 

दरअसल, हादसा रविवार सुबह करीब छह बजे शहजादनगर थाना क्षेत्र में एफसीआइ गोदाम के पास हुआ। पहले लकड़ी लदी ट्रैक्टर ट्राली में डीसीएम ने टक्कर मार दी। डीसीएम को बिलारी मुरादाबाद का हरिबाबू चला रहा था। वह हादसे में घायल हो गया, जबकि डीसीएम हेल्पर अंकुश (16)पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी आरीखेड़ा बिलारी मुरादाबाद की मौत हो गई। घटना में ट्रैक्टर चालक रियाज अहमद निवासी अमरिया पीलीभीत की भी मौत हो गई। उनके साथ ट्रैक्टर पर एक अन्य व्यक्ति था, जिसने भी दम तोड़ दिया। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।

दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकराई दो कारें, एक और की मौत 

इस हादसे के बाद सुबह करीब आठ बजे बरेली की ओर से आ रही दो कारें भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकरा गईं। इनमें एक एसेंट कार में हसनपुर अमरोहा का सचिन शर्मा पुत्र गंगासरन शर्मा थे। घटना में उसकी भी मौत हो गई। जबकि कार में सवार रोहित शर्मा गंभीर रूप से चोटिल हुआ।

उधर, दूसरी ईको कार में दिल्ली के उत्तमनगर निवासी अमन गुप्ता, उनकी मां कुमकुम गुप्ता, नौ वर्षीय भाई कृष्णा गुप्ता थे। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। एडीएम राम भरत तिवारी, नगर मजिस्ट्रेट ओम प्रकाश तिवारी, एसडीएम राजेश कुमार आदि अधिकारी मौके पर पहुंचे। करीब दस बजे तक यातायात को सुचारू किया जा सका।

Related Articles

Back to top button