मध्य प्रदेश

बर्फीली हवाओं से तीन डिग्री गिरा दिन का तापमान,

पिछले दो दिन के मुकाबले गुरुवार को मौसम में एकाएक ठंडक घुलना शुरू हुई। बुधवार के मुकाबले गुरुवार को शहर के अधिकतम तापमान में 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री था, वहीं न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसमविदों के अनुसार हिमाचल प्रदेश व कश्मीर में हो रही बर्फबारी का असर शहर के मौसम पर हो रहा है। उत्तरी व उत्तर-पूर्वी हवा के कारण शहर में तापमान गिरा है। गुरुवार को शहर में 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से ठंडी हवा चली। इससे सुबह से शाम तक भी लोगों को ठंडक महसूस हुई। बुधवार रात से ही मौसम में एकाएक ठंडक बढ़ी थी, जिसका असर गुरुवार को देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिन में शहर के तापमान में 2 से 3 डिग्री गिरावट होने की संभावना है।

दो डिग्री तक गिरेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत में बर्फबारी हो रही है। इसके कारण ठंडी हवा हिमालय क्षेत्र से मध्यप्रदेश तक पहुंच रही है। उधर, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात के कारण उत्तरी मध्यप्रदेश में कुछ जगहों पर बूंदाबांदी भी हुई है। इसके प्रभाव से अगले 4-5 दिनों में इंदौर सहित आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहने की संभावना है। विभाग के अनुसार अगले दो सप्ताह में 2 से 3 डिग्री तक तापमान में गिरावट हो सकती है। ठंडी हवाओं का रुख इसी तरह बना रहेगा।

Related Articles

Back to top button