मध्य प्रदेश

23 हजार लोग देखेंगे शपथ ग्रहण, इन रास्तों पर जानें से बचें

कांग्रेस नेता कमलनाथ आज प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। उनकी ताजपोशी का कार्यक्रम जम्बूरी मैदान में होगा। यहां 23 हजार लोगों की बैठने की व्यवस्था भी की गई है। समारोह में खास मेहमान भी शिरकत करेंगे। वहीं आमजन के लिए अलग से गेट भी बनाया गया है। जबकि, सुरक्षा के लिए जंबूरी मैदान को छावनी में तब्दील किया गया है।

वहीं सुबह 6 से शाम 6 बजे तक ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी। कार्यक्रम दोपहर 1.30 बजे से शुरू होगा। कलेक्टर सुदाम पी खाडे ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उधर, वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल पर कांग्रेसी नेता मुस्तैद रहे। इसमें जीतू पटवारी, कुनाल चौधरी, सुरेश पचौरी के साथ सज्जन सिंह वर्मा ने तैयारियों का जायजा लिया। शपथ ग्रहण के लिए अलग-अलग चार मंच तैयार कराए गए हैं। साथ ही पांच हेलीपैड बनवाए गए हैं। यातायात पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट की पूरी व्यवस्था कर ली है

संतों, समाजसेवी व उद्योगपतियों को लाने किए इंतजाम

कार्यक्रम में साधु-संत, उद्योगपति व डॉक्टर शामिल होंगे। इसमें कॉर्डियोलॉजिस्ट डॉ. नरेश त्रेहान प्रमुख हैं। इसके अलावा नवीन जिंदल जैसे उद्योगपति भी पहुंचेंगे। कुछ साधु-संत नियमित फ्लाइट व कुछ अन्य वाहनों से आएंगे। उन्हें बस या हेलीकॉप्टर से लाने के इंतजाम किए गए हैं।

रेवती नक्षत्र कमलनाथ के लिए शुभ, इसी नक्षत्र में लेंगे शपथ

सोमवार को रेवती नक्षत्र में कमलनाथ प्रदेश के 18वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। इस मुहुर्त में शपथ लेना, उनके लिए शुभ होगा। मां चामुंडा दरबार के पुजारी रामजीवन दुबे का कहना है कि 17 दिसंबर दशमीं सोमवार जंबूरी मैदान में दोपहर 1.30 बजे रेवती नक्षत्र, मीन का चन्द्रमा, मीन लगन, धनु के सूर्य में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में कमलनाथ भारतीय संविधान के उद्देश्यों को पूरा करने की शपथ लेंगे। इस मुहुर्त में शपथ लेने की स्थिति में उन पर शिव की अपार कृपा प्राप्त होगी, जिससे वह प्रदेश को विकास की दिशा में तेजी से ले जाएंगे।

पीसीसी की कमान अपने हाथ में लेने के बाद कमलनाथ ने अपने कक्ष में स्व. संजय गांधी की तस्वीर लगाई थी। अब उन्होंने अपने बंगले पर भी संजय गांधी की फोटो लगाई है। वहीं कार्यक्रम स्थल से लेकर आसपास के क्षेत्रों में लगाए गए पोस्टरों में संजय गांधी को भी याद किया है। उधर, शहर की सड़कों पर पूर्व पीएम स्व. इंदिरा गांधी के पोस्टर-बैनर बड़ी संख्या में हैं। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के भी पोस्टर जगह-जगह चस्पा किए गए हैं।

ढाई हजार पुलिसकर्मी तैनात

समारोह के दौरान सुरक्षा को लेकर चप्पे-चप्पे पर नजर रखने के लिए करीब ढाई हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। वीवीआईपी-वीआईपी की सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं पर प्रशासन की विशेष निगरानी रहेगी। आयोजन स्थल के आसपास पांच हैलीपैड तैयार किए गए हैं। शपथ ग्रहण में करीब एक लाख लोगों के आने का अनुमान है। एयरपोर्ट से आयोजन स्थल तक आने-जाने के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे।

Related Articles

Back to top button