जम्मू कश्मीर

जम्मू-कश्मीर में ठंप का प्रकोप जारी, बारिश-बर्फबारी के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग बंद

जम्मू कश्मीर के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हुई बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में हुई बारिश के बाद पूरा राज्य शीतलहर की चपेट में है। जवाहर टनल के आसपास के क्षेत्रों में सुबह हुई बर्फबारी के बाद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गर्इ है। जवाहर टनल के पास, रामबन, उधमपुर आैर नगरोटा में सैंकड़ों गाड़ियां रोक दी गर्इ। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर पैदा हुई जाम की स्थिति से यात्रियों की परेशान बढ़ गई है। वहीं श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ-साथ मुगल रोड एक बार फिर बारी बर्फबारी के बाद वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है। 434 किलोमीटर लंबा श्रीनगर लेह मार्ग व 86 किलोमीटर लंबा मुगल रोड बर्फबारी के कारण करीब एक महीने से बंद पड़ा हुआ है। वहीं साउथ कश्मीर के कुछ क्षेत्रों में अभी भी बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चौबीस घंटों में बारिश व बर्फबारी में और इजाफा हो सकता है।

जम्मू संभाग सहित कश्मीर घाटी भी इस समय शुष्क ठंड की चपेट में है। पिछले कई दिनों से कश्मीर घाटी में तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे चला गया है जिसके चलते ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। कश्मीर के तंगमर्ग इलाके में सुबह भारी बर्फबारी हुई। यहां छह इंच तक बर्फ जमी हुई है। गुलमर्ग में भी छह इंच तक बर्फ पड़ी हुई है। हालांकि बीआरओ ने सुबह साढ़े चार बजे से मार्ग को यातायात के लिए खोलने के लिए मशीनों की मदद से बर्फ हटाने का काम शुरू किया हुआ है। वहीं जम्मू में भी सुबह हल्की बारिश के बाद सर्दी में इजाफा हुआ है। पत्नीटॉप, सरनासर क्षेत्रों में भी हल्की बर्फबरी शुरू हो गई है। इस बर्फबारी के बाद डोडा, भद्रवाह आदि क्षेत्रों में हाड कंपा देने वाली ठंड बढ़ने लगी है। माता वैष्णो के दरबार और त्रिकुटा की पहाड़ियों पर भी सुबह से शीतलहर का प्रकोप है। जल्द बारिश और बर्फबारी के आसार बनने लगे हैं। किश्तवाड़ और उसके आसपास के इलाकों में मंगलवार रात से हो रही बारिश और बर्फबारी के कारण आम जनजीवन प्रभावित होकर रह गया है। बर्फबारी के चलते गुलाबगढ़ केलाड सड़क भी यातायात के लिए बंद कर दी गई है।

विभाग का कहना है कि हल्की बारिश तथा बर्फबारी राज्य में कड़ाके की सर्दी का असर थोड़ा कम करने में सहायक सिद्ध होगी।

श्रीनगर का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे -4.2 डिगी सेल्सियस रहा। पहलगाम तथा गुलमर्ग का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे -4.9 तथा शून्य से नीचे -4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। करगिल का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे -17.3 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि लेह का शून्य से नीचे -14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं जम्मू का न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस किया गया है। कटरा का तापमान 7.2, बटोत का 2.1, बनिहाल का 1.7 तथा भद्रवाह का 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं सर्दी के बढ़ने प्रकोप को देखते हुए शिक्षा विभाग ने 8वीं कक्षा तक के छात्रों को पहले ही एक जनवरी से 16 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश डालने के आदेश दे दिए थे जबकि 9वीं कक्षा से लेकर काॅलेज के छात्रों को चार जनवरी से शीतकालीन की छुटियां घोषित कर दी जायेंगी।

Related Articles

Back to top button