Main Slideदेशबिहार

पेशी के लिए कोर्ट लाए गए राजद नेता पर फायरिंग, एक अन्य कर्मचारी घायल

बिहार के समस्तीपुर जिले की एक स्थानीय अदालत के परिसर में सोमवार को प्रदेश की प्रमुख विपक्षी पार्टी राजद के जिला उपाध्यक्ष अशोक यादव पर बदमाशों द्वारा फायरिंग की गई। इस गोलीबारी की घटना में अदालत का एक कर्मी जख्मी हो गया। पुलिस अधीक्षक विकास वर्मन ने बताया कि इस हमले में अशोक यादव बाल-बाल बच गए। पुलिस फरार हमलावरों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। इस हमले में जख्मी हुए स्थानीय अदालत के कर्मी पीपी टोप्पो को इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

समस्तीपुर जिले के बिथान थाना अंतर्गत छेछनी गांव निवासी अशोक यादव को उनकी पत्नी से तलाक के मामले को लेकर सोमवार को समस्तीपुर व्यवहार न्यायालय में लाया गया था। यादव बिथान प्रखंड प्रमुख विभा देवी के पति हैं तथा एक आपराधिक मामले में रोसडा जेल में बंद हैं। अशोक यादव को स्थानीय अदालत में ले जाए जाने के समय पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी। वह इस गोलीबारी में बाल-बाल बच गए। हमलावर गोलीबारी के बाद परिसर में मची भगदड़ का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विकास वर्मन अदालत परिसर पहुंचे और उन्होंने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी।

Related Articles

Back to top button