दिल्ली एनसीआरप्रदेश

दिल्ली-NCR में समय से पहले पहुंचा मानसून, बादल छाए; कभी भी हो सकती है बारिश

प्री-मानसून की बारिश से बुधवार को दिल्ली की फिजा ही बदल गई। दिन भर बादल छाए रहे तो तापमान में भी आंशिक गिरावट दर्ज की गई। दिन भर सूर्य देवता बादलों के साथ लुकाछिपी खेलते रहे। ऐसे में दिल्लीवासियों को गर्मी से खासी राहत मिली। राहत का यह दौर अब अगले कई दिन लगातार जारी रहेगा। बृहस्पतिवार को मानसून भी दिल्ली-एनसीआर में पहुंच जाएगा। बृहस्पतिवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि कभी भी झमाझम बारिश हो सकती है।

मौसम के मिजाज में नरमी मंगलवार से ही आ गई थी। देर रात भी बादलों की गर्जन का दौर जारी रहा जबकि बुधवार को सुबह सवेरे ही बारिश शुरू हो गई। शाम साढ़े आठ बजे तक 8.1 एमएम बारिश दर्ज की गई। इससे दिन में भी गर्मी की चुभन नहीं के बराबर ही रही। बादल छाए रहे, कहीं दिन में और कहीं शाम को भी बरसे।

अधिकतम तापमान जोकि इन गर्मियों में 46 डिग्री सेल्सियस तक चला गया था, बुधवार को सामान्य स्तर पर 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह न्यूनतम तापमान जोकि 33 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा था, सामान्य से दो डिग्री नीचे गिरकर 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नमी का स्तर अधिकतम 92 और न्यूनतम 57 फीसद रिकॉर्ड किया गया। बारिश शाम साढ़े पांच बजे तक 3.4 मिलीमीटर दर्ज की गई।

प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, दिल्ली के निदेशक कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि मानसून उत्तर भारत में ज्यादातर जगह दस्तक दे चुका है। दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बाकी हिस्सों में भी पहुंच जाएगा। इसीलिए बृहस्पतिवार को दिन भर बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने तथा तेज हवा के झोकों के साथ अच्छी बारिश होने के भी आसार हैं। उधर स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि राजस्थान को छोड़कर बृहस्पतिवार को मानसून उत्तर भारत में ज्यादातर हिस्से को कवर कर लेगा।

Related Articles

Back to top button