Main Slideउत्तर प्रदेश

राजनाथ सिंह ने कहा- 2020 में चार नए फ्लाईओवर पर दौड़ेगा लखनऊ में यातायात

शहर को समय से पहले ही चार फ्लाईओवर मिल जाएंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने काम में तेजी लाते हुए 2020 में ही इनका काम पूरा करने को कहा है। अगस्त 2018 में इन फ्लाईओवर को बनाने की मंजूरी दी गई थी और जून 2021 तक उसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था।

शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ में निर्माणाधीन फ्लाई ओवरों की प्रगति को रक्षा मंत्री ने देखा। रक्षा मंत्री करीब 40 मिनट तक लखनऊ की सड़कों पर अधिकारियों के साथ थे। फ्लाईओवर के निर्माण से उत्साहित लोगों ने रक्षा मंत्री का जगह-जगह स्वागत भी किया। पुराने शहर में नक्खास में हर दिन जाम झेलने वाले लोगों ने फ्लाई ओवर बनाए जाने से खुश होकर रक्षा मंत्री पर पुष्प वर्षा से अपने सांसद का अभिनंदन किया। इसमे काफी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग भी शामिल थे।

गुरु गोविंद सिंह मार्ग, हैदरगंज तिराहे से मीना बेकरी तक और चरक चौराहा से विक्रम कॉटन मिल तक बन रहे फ्लाई ओवरों की प्रगति को देखते हुए रक्षा मंत्री ने काम पर संतोष जताया, लेकिन सेतु निगम के अधिकारियों को  काम में तेजी लाने का निर्देश दिया।  शनिवार सुबह साढ़े नौ बजे सेतु निगम के अधिकारियों के साथ निरीक्षण पर निकले रक्षा मंत्री लालकुआं पहुंचे, यहां विधि एवं न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक ने उनका पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।

रक्षा मंत्री ने सेतु निगम के अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट ली और कहा कि निर्माण में कोई अड़चन तो नहीं है। उन्होंने काम में और तेजी लाने के निर्देश दिया। इसके बाद रक्षा मंत्री हैदरगंज से मीना बेकरी के बीच निर्माणाधीन सेतु को देखने गए। यहां से चरक चौराहा से विक्रम कॉटन मिल के बीच बन रहे सेतु को देखने के लिए पाटा नाला पुलिस चौकी के पास पहुंचे। यहां पर भी उन्होंने निर्माण की प्रगति के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के समय विधि एवं न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक,  जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश, नगर आयुक्त डॉ.इंद्रमणि त्रिपाठी, सेतु निगम के संयुक्त प्रबंध निदेशक अरविंद कुमार श्रीवास्तव, भाजपा के महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, ओपी श्रीवास्तव, पुष्कर शुक्ला, त्रिलोक सिंह अधिकारी भी शामिल थे।

Related Articles

Back to top button