Main Slideउत्तराखंडखबर 50

शीशमझाड़ी इलाके में अचानक बढ़ गए कोरोना संक्रमण के मामले, एक साथ 18 व्यक्तियों की रिपोर्ट आई पॉजिटिव

जनपद टिहरी गढ़वाल के थाना मुनिकीरेती क्षेत्र में स्थित शीशमझाड़ी इलाके में कोरोना संक्रमण के मामले अचानक बढ़ गए हैं। यहां एक साथ 18 व्यक्तियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दो दिन पूर्व सात व्यक्तियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। तीन दिन के भीतर 25 मामले सामने आने के बाद पूरे शीशम झाड़ी क्षेत्र को कंटेनमेंट बनाने की सिफारिश पुलिस प्रशासन ने जिला प्रशासन को की है। पुलिस उपाधीक्षक नरेंद्र नगर प्रमोद कुमार शाह ने बताया कि शीशम झाड़ी का इलाका घनी बस्ती इलाका है। यहां चार गलियों में 18 मामले सामने आए हैं। जांच होने के बाद और भी मामले बढ़ने की आशंका है। उन्होंने बताया कि यहां 300 व्यक्तियों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट आनी अभी शेष है।

प्रत्येक गली को सील करने से बेहतर है कि पूरे क्षेत्र को ही कंटेनमेंट बना दिया जाए। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल मंगेश घिल्डियाल ने यहां स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त टीम भेजने पर सहमति दी है। सामुदायिक चिकित्सा केंद्र नरेंद्र नगर फकोट के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ जगदीश जोशी ने बताया कि यहां करीब नौ से 10 हजार व्यक्तियों की सैंपलिंग की जानी है। चिकित्सा विभाग की ओर से भी पूरे क्षेत्र को कंटेनमेंट बनाने की स्तुति की गई है। कम्युनिटी में कोरोनावायरस संक्रमण बढ़ता देख मुनिकीरेती से सटे जनपद देहरादून के ऋषिकेश क्षेत्र कि पुलिस और प्रशासन की चिंता भी बढ़ गई है। शीशम झाड़ी का इलाका ऋषिकेश से भी जुड़ा है। प्रशासन फिलहाल सभी 18 लोगों व्यक्तियों को निकट कोविड केयर सेंटर भेजने की तैयारी कर रहा है। तहसीलदार नरेंद्र नगर अयोध्या प्रसाद उनियाल थाना मुनिकीरेती पहुंच गए हैं।

उत्‍तराखंड में सरकारी दफ्तरों तक कोरोना की दस्तक, 246 नए मरीज

कोरोना के लिहाज से उत्तराखंड के लिए हर अंतराल पर नई चुनौतियां पैदा हो रही हैं। वायरस का प्रसार सरकारी दफ्तरों तक पहुंचने लगा है। सचिवालय, पुलिस मुख्यालय और पर्यटन समेत कई विभागों तक कोरोना दस्तक दे चुका है। बुधवार को देहरादून में कलक्ट्रेट के प्रशासनिक अधिकारी व नगर निगम के हेल्थ इंस्पेक्टर में कोरोना की पुष्टि हुई है। उत्तरकाशी व देहरादून में आइटीबीपी के 34 और चमोली में सेना के तीन जवान संक्रमित मिले हैं। प्रदेशभर में 246 नए मरीज सामने आए। चौबीस घंटे के अंतराल में तीन मरीजों की मौत भी हुई।

स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को 3221 सैंपलों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इनमें 2975 निगेटिव और 246 पॉजिटिव हैं। उत्तरकाशी में सबसे अधिक 66 संक्रमित मिले हैं। इनमें 25 की ट्रेवल हिस्ट्री अभी पता नहीं लगी है। 11 अन्य लोग पूर्व में संक्रमित मिले मरीजों के संपर्क में आए हैं। नैनीताल में 50 नए मरीज मिले हैं। इनमें 40 संक्रमितों के संपर्क में आए लोग हैं। जबकि, पांच लोग चेकअप कराने फ्लू क्लीनिक में पहुंचे हुए थे। पांच की ट्रेवल हिस्ट्री अभी पता नहीं लग पाई। देहरादून में 47 और लोग कोरोना की चपेट में आए हैं। ऊधमसिंहनगर में 36 नए मामले मिले हैं। इनमें तीन स्वास्थ्य कर्मी और पांच गर्भवती महिलाएं हैं।

हरिद्वार में भी 20 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें 15 संक्रमितों के संपर्क में आए लोग हैं, पांच की ट्रेवल हिस्ट्री पता नहीं चली है। पौड़ी में नौ लोग संक्रमित मिले हैं। रुद्रप्रयाग में छह, टिहरी में पांच, चमोली में तीन, अल्मोड़ा में दो और बागेश्वर व चंपावत में एक-एक व्यक्ति संक्रमित मिला है।

दून पर बढ़ता ही जा रहा मरीजों का दबाव

दून को कोरोना एक भी दिन सुकून नहीं लेने दे रहा है। यहां हर दिन तेजी से मामले बढ़ रहे हैं। बुधवार को भी जिले में 47 लोग में कोरोना की पुष्टि हुई है, जबकि एम्स ऋषिकेश व दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में एक-एक मरीज की मौत भी हुई है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, जिन 47 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, उनमें आइटीबीपी के चार जवान भी शामिल हैं। इसके अलावा कलक्ट्रेट के एक प्रशासनिक अधिकारी व नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं, आशारोड़ी पर लिए गए दो सैंपलों की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 12 सैंपल निजी लैब से पॉजिटिव आए हैं। इसके अलावा दून अस्पताल में पहले से भर्ती नौ मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। अन्य संक्रमितों के संपर्क में आए लोग हैं। बता दें, अभी तक जिले में 1870 लोगों में कोरोना की पुष्टि हो चुकी है। जिनमें 1375 स्वस्थ हो गए हैं। 415 मरीज अभी अस्पतालों व कोविड-केयर सेंटरों में भर्ती हैं, जबकि 26 राज्य से बाहर जा चुके हैं। अब तक 54 मरीजों की जिले में मौत हो चुकी है। यह प्रदेश में हुई कुल मौतों का 55 फीसद है।

दो दिन में 695 मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे

प्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच अब रिकवरी की रफ्तार भी बढ़ने लगी है। बुधवार को प्रदेश में 386 मरीजों ने कोरोना से जंग जीती है। यह एक दिन में स्वस्थ हुए मरीजों की अब तक की सर्वाधिक संख्या है। एक दिन पहले ही प्रदेश में 309 मरीज डिस्चार्ज किए गए थे। इस तरह दो दिन के अंतराल में 695 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर चले गए। सक्रिय मामले अब तीन हजार से नीचे आ गए हैं। राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर 64 फीसद पहुंच गई। बुधवार को स्वस्थ हुए मरीजों में 127 ऊधमसिंहनगर, 87 हरिद्वार, 76 नैनीताल, 40 देहरादून, 22 अल्मोड़ा, नौ उत्तरकाशी, आठ टिहरी और सात पिथौरागढ़ से हैं। बागेश्वर व चंपावत से चार-चार और चमोली व पौड़ी से एक-एक मरीज ठीक हुआ है।

प्रदेश में तीन और संक्रमित मरीजों की मौत

उत्तराखंड में कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को भी तीन और मरीजों की मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बेस अस्पताल हल्द्वानी में एक 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई है। एम्स ऋषिकेश में सहारनपुर निवासी 29 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हुई है। उसे पेट फूलने व पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया था। उसे 20 दिन से यह समस्या था, पांच दिन से सांस लेने में वह दिक्कत महसूस कर रहा था। दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में 62 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हुई है। मरीज को मधुमेह, निमोनिया समेत अन्य स्वास्थ्य समस्या थी। अब तक प्रदेश में कोरोना के संक्रमण 8254 मामले आ चुके हैं। जिनमें से अब तक 5233 ठीक हो चुके हैं। फिलवक्त 2885 सक्रिय मामले हैं। जबकि 38 राज्य से बाहर चले गए हैं। कोरोना संक्रमित 98 मरीजों की मौत अब तक हो चुकी है।

Related Articles

Back to top button