प्रदेशमहाराष्ट्र

महारष्ट्र : रायगढ़ की केमिकल फैक्ट्री में हुआ धमाका, दो की हुई मौत, छह घायल

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में एक केमिकल फैक्ट्री में विस्फोट में दो व्यक्तियों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। मुंबई से लगभग 70 किलोमीटर दूर खोपोली शहर के सजगांव के ढेकू में फैक्ट्री में आधी रात करीब 2 बजकर 30 मिनट पर विस्‍फोट हो गया, जिसके बाद परिसर में आग लग गई।

खोपोली पुलिस थाने के अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार इस हादसे में एक महिला सहित दो लोगों की मौत हुई है और छह अन्य घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही दमकल कर्मी और पुलिस के जवान मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्यो में जुट गए। घायलों को इलाज के लिए अस्‍पताल में भर्ती करवा दिया गया है।

केमिकल यूनिट में धमाके के बाद टेक्‍सटाइल गोदाम में आग 

अहमदाबाद के टेक्‍सटाइल गोदाम में भी बुधवार को आग लग गई थी जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई थी और आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मिली जानकारी के अनुसार आग लगने के कारण इमारत का एक हिस्‍सा ढह गया था जिससे ये मौतें हुई। हादसे के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया जिनमें से कुछ की हालत काफी गंभीर बनी हुई है। घायलों की हालत इतनी गंभीर है कि मरने वालों की संख्‍या बढ़ सकती है।

अहमदाबाद फायर ऐंड इमर्जेंसी सर्विस के प्रमुख से मिली जानकारी के अनुसार, टेक्‍स्‍टाइल गोदाम के पास एक केमिकल यूनिट में धमाका होने के बाद टेक्‍स्‍टाइल गोदाम की इमारत का एक हिस्‍सा गिर गया था। ऐसी चर्चा है कि केमिकल यूनिट में पहले लगातार पांच धमाके हुए थे। कपड़े के गोदाम के मालिक का आरोप है कि यह केमिकल फैक्‍ट्री अवैध रूप से चलाई जा रही थी।

Related Articles

Back to top button