प्रदेशबिहार

अब राष्ट्रीय जनाधार बनाने में जुटा JDU, इन राज्यों में शुरू किया जनसंपर्क अभियान

पटना। जदयू ने बिहार और उसके बाहर अपना जनसंपर्क अभियान आरंभ कर दिया है। अभियान में जून माह में और तेजी आएगी। इससे पूर्व 30 मई को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजस्थान के बांसवाड़ा में एक सभा को संबोधित करेंगे।राजस्थान के अलावा मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी पार्टी ने सक्रियता बढ़ाई है। जदयू के वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम पिछले दिनों मणिपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर लौटी है। 

प्रदेश में जनसंपर्क अभियान के फोकस में दहेज एवं बाल विवाह पर रोक है। हालांकि कन्या भ्रूण हत्या और शराबबंदी की भी चर्चा हो रही है। महिला कार्यकर्ता को लेकर पार्टी ने इस अभियान के लिए विशेष रूप से समाज सुधार वाहिनी का गठन किया है। वाहिनी की अध्यक्ष पूर्व मंत्री रंजू गीता ने बताया कि 21 एवं 22 मई को वाहिनी द्वारा प्रदेश के हर प्रखंड में अभियान चलाया गया है। वह खुद भी अभियान में शामिल थीं। उनके मुताबिक, अब पंचायत स्तर पर अभियान की तैयारी है। वहीं युवा जदयू द्वारा पांच जून को संकल्प सम्मेलन आयोजित किया गया है और सम्मेलन के तुरंत बाद संगठन द्वारा प्रदेश में युवाओं के बीच जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा युवाओं के लिए शुरू की गई योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। बिहार से बाहर छत्तीसगढ़ में पार्टी के प्रभारी रवींद्र सिंह कार्यकर्ताओं के साथ लगातार बैठक कर रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ता बिहार में लागू शराबबंदी को वहां मुद्दा बना जनसंपर्क में लगे हैं। रवींद्र सिंह ने बताया कि हर राज्य के लिए पार्टी ने प्रभारी नियुक्त किए हैं।

जदयू के प्रधान राष्ट्रीय महासचिव केसी त्यागी ने कहा कि कई राज्यों में हमने सक्रियता बढ़ाई है। वैसे  हमारा ध्यान राजस्थान और मध्य प्रदेश पर अधिक है। अगला पड़ाव मिजोरम है। पार्टी इन तीनों राज्यों में चुनाव लड़ेगी। उन्होंने बताया कि राजस्थान के बांसवाड़ा में बुधवार को आयोजित सभा की तैयारी के लिए वे वहां दो बार जा चुके हैं। नीतीश कुमार की सभा में त्यागी के अलावा राष्ट्रीय महासचिव हरिवंश सिंह भी मौजूद रहेंगे। 

Related Articles

Back to top button