दिल्ली एनसीआरप्रदेश

दिल्ली में मौसम फिर बदलेगा करवट, 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी हवाएं, गरज के होगी बारिश

दिल्ली-एनसीआर में रविवार सुबह का मौसम साफ है। धूप निकली है। मिली जानकारी के अनुसार, मौसमी उतार चढ़ाव के बीच दिल्ली का मौसम रविवार यानी आज एक बार फिर से करवट लेगा। दिन भर बादल छाए रहेंगे। शाम को तेज हवा के साथ गर्जन वाले बादल भी बनेंगे। देर रात हल्की बारिश भी हो सकती है। इससे जहां तापमान में आंशिक गिरावट आएगी वहीं चुभन भरी गर्मी से भी कुछ राहत मिलेगी।
मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 15.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हवा में नमी का स्तर 38 से 90 फीसद रहा। दिल्ली का पीतमपुरा इलाका 32.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ सबसे गर्म रहा। दिन भर तेज धूप खिली रही, जिससे चुभन भरी गर्मी का एहसास हुआ।  30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से धूल भरी हवा चलेगी। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के असर से रविवार को दिल्ली में मौसम करवट लेगा। दिन भर बादल छाए रहेंगे। शाम को गर्जन वाले बादल बन सकते हैं। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से धूल भरी हवा चलेगी। हल्की बारिश होने का भी अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश और तेज हवा के कारण तापमान में आंशिक गिरावट हो सकती है। हालांकि एक दो दिन में ही पश्चिमी विक्षोभ का यह असर खत्म हो जाएगा और तापमान फिर से बढ़ने लगेगा। नियंत्रण में ही चल रहा प्रदूषण का स्तर मौसम की मेहरबानी से दिल्ली एनसीआर में वायु प्रदूषण का स्तर नियंत्रण में ही चल रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी एयर बुलेटिन के अनुसार रविवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 204 दर्ज किया गया। एनसीआर के शहरों में फरीदाबाद का 169, गाजियाबाद का 213, ग्रेटर नोएडा का 204, गुरुग्राम का 177 और नोएडा का 182 दर्ज किया गया। दिल्ली, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा की हवा खराब जबकि फरीदाबाद, गुरुग्राम और नोएडा की हवा सामान्य श्रेणी में दर्ज की गई। दूसरी तरफ दिल्ली में पीएम 10 का स्तर 181 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर और पीएम 2.5 का स्तर 78 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर दर्ज किया गया। रविवार को तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है। इससे प्रदूषण का स्तर और सुधरेगा।

Related Articles

Back to top button