उत्तर प्रदेशप्रदेश

अनुप्रिया: उपचुनाव परिणाम का 2019 के लोकसभा चुनाव पर कोई असर नहीं

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कैराना और नूरपुर उपचुनाव में भाजपा को मिली करारी हार को लेकर कहा कि चुनाव में हार जीत होती रहती है। उपचुनाव के परिणाम का 2019 के लोकसभा चुनाव पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उपचुनाव से देश या प्रदेश की सरकार नहीं बनती। उल्लेखनीय है कि अपना दल एनडीए का घटक दल है और अनुप्रिया पटेल उसकी नेता है। अनुप्रिया पटेल ने आज फिर स्पष्ट किया कि अपना दल एनडीए का घटक बना रहेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देशभर में 24 नए मेडिकल कॉलेज बनेंगे। इनमें आठ उत्तर प्रदेश में होंगे। आयुष्मान भारत योजना देश की सबसे बड़ी योजना है। इससे 50 करोड़ लोगों को 5 लाख का स्वास्थ्य बीमा मिलेगा। उत्तर प्रदेश में 6 करोड लोग लाभान्वित होंगे ।

फैजाबाद में अनुप्रिया का स्वागत

केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल भाजपा विधायक खब्बू तिवारी की शादी के रिसेप्शन में शरीक होने के लिए फैजाबाद पहुंची हैं। इस दौरान सहादतगंज में प्रमोद तिवारी एवं कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान प्रेस कांफ्रेंस में देरी होने का कारण पूछे जाने पर कार्यकर्ताओं द्वारा कहा गया कि किसने कहा कि वह प्रेस कांफ्रेस करेंगी। जिसके बाद मीडियाकर्मियों ने प्रेस कांफ्रेस का बहिष्कार कर दिया। बाद में अनुप्रिया पटेल द्वारा माफी मांगे जाने के बाद मीडियाकर्मी शांत हुए। केंद्रीय मंत्री ने मीडिया को बताया कि आज फैजाबाद दौरे के दौरान पार्टी बैठक आयोजित की गई थी। जिसमें पार्टी कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों से मुलाकात कर पार्टी की समीक्षा बैठक हुई। आगामी 2 जुलाई को पार्टी के संस्थापक सोनेलाल पटेल की जयंती का कार्यक्रम है। बैठक में तैयारियों की समीक्षा की गई।

Related Articles

Back to top button