उत्तर प्रदेशखबर 50देशप्रदेशबड़ी खबर

भाजपा की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ निर्णायक संघर्ष का आह्वान, प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में किसान कांग्रेस (मध्य जोन) के नवनियुक्त पदाधिकारियों को सौंपे गए मनोनयन पत्र

लखनऊ (आरएनएस )। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस (मध्य जोन) के नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों के मनोनयन-पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान कांग्रेस (मध्य जोन) के पूर्व अध्यक्ष जगदीश सिंह ने की। इस अवसर पर किसान कांग्रेस (मध्य जोन) के अध्यक्ष बृज मौर्या एवं प्रदेश उपाध्यक्ष/प्रभारी संगठन सर्वेश श्रीवास्तव द्वारा नवनियुक्त पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र सौंपे गए। कार्यक्रम में मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन मनीष हिंदवी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कांग्रेस सूचना का अधिकार विभाग के चेयरमैन पुष्पेन्द्र श्रीवास्तव, कांग्रेस शिक्षक प्रकोष्ठ के चेयरमैन डॉ. अमित कुमार राय तथा महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर अनामिका यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता विजय बहादुर एवं सुरेन्द्र कुमार की गरिमामयी उपस्थिति भी रही।मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए मनीष हिंदवी ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में भाजपा सरकारों ने यदि किसी वर्ग पर सबसे अधिक अन्याय किया है, तो वह किसान हैं। उन्होंने कहा कि न तो किसानों के लिए कोई ठोस और सार्थक नीति बनाई गई और न ही उनकी जमीनी समस्याओं के समाधान के लिए कोई गंभीर प्रयास किए गए। क्रोनी पूंजीवाद के सहारे चल रही भाजपा सरकार किसानों के प्रति इतनी संवेदनहीन हो चुकी है कि उसने अमेरिका के दबाव में देश का कृषि बाजार भी उनके लिए खोल दिया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इस फैसले का आने वाले समय में किसानों पर कितना गंभीर और विनाशकारी प्रभाव पड़ेगा, इसकी कल्पना करना भी कठिन है।

मनीष हिंदवी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों से कहा कि मनोनयन पत्र केवल एक कागज नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संघर्ष के साथ निभाना होगा। उन्होंने कहा कि मोदी और योगी सरकार की तानाशाही और किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ जननायक राहुल गांधी के संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर चलना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे किसान कांग्रेस (मध्य जोन) के पूर्व अध्यक्ष जगदीश सिंह ने किसान कांग्रेस (मध्य जोन) के अध्यक्ष बृज मौर्या को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि उनके नेतृत्व में किसान कांग्रेस एक नए और सशक्त अध्याय की शुरुआत करेगी। उन्होंने कहा कि योगी सरकार के कार्यकाल में किसानों के प्रति जिस तरह की उदासीनता देखने को मिल रही है, ऐसे में किसान कांग्रेस की लड़ाई और अधिक कठिन तथा संघर्षपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि चाहे खाद का संकट हो, मनरेगा की बदहाली हो, गन्ने की कीमतों का मुद्दा हो या किसानों को मुफ्त बिजली देने का सवाल—इनमें से कोई भी विषय सरकार के एजेंडे में नहीं है। पांच किलो राशन और दो हजार रुपये की किसान सम्मान निधि देकर सरकार किसानों के सभी जायज अधिकारों को खत्म करना चाहती है, लेकिन किसान कांग्रेस किसानों के हक की लड़ाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि किसान कांग्रेस संघर्ष करेगी और किसानों को उनका पूरा हक दिलाकर रहेगी।कार्यक्रम के आयोजक एवं किसान कांग्रेस (मध्य जोन) के अध्यक्ष बृज मौर्या ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकजुट होकर प्रदेश भर में किसानों की समस्याओं और मुद्दों को लेकर आंदोलन तेज करें। कांग्रेस पार्टी की नीतियों और विचारधारा को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाना ही उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जहां भी संगठन को उनकी आवश्यकता होगी, वे पूरी ताकत के साथ किसानों और कार्यकर्ताओं के साथ खड़े रहेंगे।कार्यक्रम के अंत में किसान कांग्रेस (मध्य जोन) के प्रदेश उपाध्यक्ष/प्रभारी संगठन सर्वेश श्रीवास्तव ने सभी आगंतुकों और पदाधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की।

Related Articles

Back to top button