सीएम के कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ता को जाने से रोका

बाराबंकी। दुल्हदेपुर कुटी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) विकास चंद त्रिपाठी को फटकार लगाई। यह घटना एक भाजपा कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री से मिलने से रोके जाने के बाद हुई। मंगलवार को दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र के दुल्हदेपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री के प्रस्थान के समय राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा के एक कार्यकर्ता ने उनसे शिष्टाचार भेंट करने का प्रयास किया। सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पुलिसकर्मियों ने कार्यकर्ता को रोक दिया। इसकी जानकारी मिलने पर राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने इसे गंभीरता से लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद एएसपी विकास चंद त्रिपाठी से जवाब-तलब किया। राज्यमंत्री ने एएसपी को स्पष्ट निर्देश दिया कि सुरक्षा के नाम पर समर्पित कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता या उनकी अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता और कार्यकर्ताओं का सम्मान उनके लिए सर्वाेपरि है। राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा बाराबंकी की राजनीति में अपने सरल स्वभाव और कार्यकर्ताओं के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते हैं। इस घटना ने एक बार फिर कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को उजागर किया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के सफल समापन के बाद भी यह घटना चर्चा का विषय बनी रही। राज्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि अनुशासन और सुरक्षा के साथ-साथ जनभावनाओं और कार्यकर्ताओं के समर्पण का भी पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए।



