कानपुर की पहली जीत, लखनऊ फाल्कन्स को सात विकेट से हराया


लखनऊ, पहले अजय कुमार की तेज गेंदबाजी फिर कप्तान समीर रिजवी और आदर्श सिंह की अर्धशतकीय पारियों से कानपुर सुपरस्टार्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS में शुक्रवार को खेले गए दूसरे मैच में लखनऊ फाल्कन्स को सात विकेट से हराया। कानपुर ने जीत की पटरी पर वापसी की, जबकि लखनऊ को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा।
भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में कानपुर की ओर से मैन ऑफ द मैच अजय कुमार ने चार विकेट चटकाए। वहीं आदर्श सिंह (51) और समीर रिजवी (58) के अर्धशतकों की बदौलत कानपुर ने आखिरी ओवर में जीत हासिल की।
बारिश के कारण यह मुकाबला 18-18 ओवर का खेला गया। लखनऊ की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 146 रन बनाए। जवाब में कानपुर ने एक गेंद शेष रहते तीन विकेट पर 147 रन बनाकर जीत हासिल कर ली।
मैच की औपचारिक शुरुआत यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने पारंपरिक ढंग से घंटा बजाने की रस्म के साथ की। इस अवसर पर डॉ. संजय कपूर ने कहा कि यूपी टी-20 लीग लगातार नए आयाम हासिल कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने के साथ-साथ लीग का उद्देश्य उत्तर प्रदेश में क्रिकेट की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना है। हमें खुशी है कि इस सीजन में भी दर्शकों और क्रिकेट प्रेमियों का शानदार समर्थन मिल रहा है।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, मीडिया संयोजक अहमद अली खान तालिब, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सदस्य जेपी सिंह, असद अहमद, आनंद पाठक सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
औपचारिक शुरुआत के बाद कानपुर सुपरस्टार्स के कप्तान समीर रिजवी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। लखनऊ फाल्कन्स को सलामी बल्लेबाज मोहम्मद सैफ और प्रियम गर्ग ने तेज शुरुआत दी। मोहम्मद सैफ ने 26 गेंदों पर 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 33 रन बनाए। वहीं प्रियम गर्ग ने 15 गेंदों पर 3 चौकों की मदद से 19 रन का योगदान दिया।
कानपुर सुपरस्टार्स के तेज गेंदबाज अजय कुमार ने लखनऊ को झटके दिए। उन्होंने टीम के 42 के स्कोर पर प्रियम गर्ग को यशोवर्द्धन के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजा। इसके बाद मोहम्मद सैफ अजय कुमार की गेंद पर शुभम मिश्रा के हाथों कैच थमा बैठे। आराध्य यादव 7 रन बनाकर अजय कुमार का तीसरा शिकार बने।
फिर लखनऊ के विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे। हालांकि विप्रज निगम ने आखिरी ओवरों में तेज बल्लेबाजी करते हुए महज 10 गेंदों पर 2 चौके और 1 छक्के की मदद से नाबाद 21 रन बनाए। समीर चौधरी ने 18 रन का योगदान दिया। दोनों ने अंतिम ओवरों में तेजी से रन बटोरकर लखनऊ को 146 रन तक पहुंचाया। हालांकि आखिरी गेंद पर अजय कुमार ने समीर चौधरी का विकेट झटक लिया। अजय कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अपने चार ओवरों में 27 रन देकर चार विकेट हासिल किए।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए कानपुर सुपरस्टार्स ने धमाकेदार शुरुआत की और पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 48 रन जोड़े। प्रियांशु पांडेय ने 19 गेंदों पर 2 चौके व 2 छक्के से 26 रन बनाए। लखनऊ को पहली सफलता पावरप्ले खत्म होते ही मिली। छठे ओवर की पहली गेंद पर प्रियांशु पांडेय विकेट गंवा बैठे। उन्हें विप्रज निगम ने अजीत वर्मा के हाथों कैच कराकर पवेलियन वापस भेजा।
हालांकि दूसरे सलामी बल्लेबाज आदर्श सिंह ने कप्तान समीर रिजवी के साथ मोर्चा संभाला और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मैच को रोमांचक बना दिया। आदर्श सिंह ने 44 गेंदों पर दो चौके व तीन छक्के से 51 रन बनाते हुए अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने कप्तान समीर रिजवी के साथ दूसरे विकेट के लिए 93 रन की साझेदारी की। जैसे-जैसे मुकाबला अंतिम ओवरों में पहुंचा, रोमांच बढ़ता गया और कानपुर को आखिरी चार ओवर में 42 रन की जरूरत थी।
समीर रिजवी ने 40 गेंदों पर 3 चौके व दो छक्के से 58 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। रिजवी और आदर्श सिंह ने 16वें ओवर में अपना-अपना अर्धशतक पूरा किया। हालांकि लखनऊ ने आखिरी क्षणों में शानदार वापसी की जब समीर को 17वें ओवर की आखिरी गेंद पर अभिनंदन सिंह ने आउट किया।
अंतिम ओवर में जीत के लिए छह रन की जरूरत थी और नवनीत कुमार ने आदर्श सिंह को आखिरी ओवर की पहली गेंद पर आउट कर मुकाबले में रोमांच बढ़ा दिया। इससे कानपुर पर दबाव बढ़ गया और टीम को तीन गेंदों पर पांच रन की जरूरत रह गई। हालांकि सत्यम सांगू ने हौसला बनाए रखा और चौका लगाकर स्कोर बराबर करने के बाद एक रन लेकर कानपुर सुपरस्टार्स को रोमांचक जीत दिला दी।



