देश

लखनऊ स्थित प्रसिद्ध हजरतगंज चौराहे का नाम अब अटल चौराहा हो गया है

उत्‍तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के प्रसिद्ध हजरतगंज चौराहे का नाम अब अटल चौराहा हो गया है। इसके साथ ही इस्माईलगंज स्थित नगर निगम डिग्री कॉलेज भी अब अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से जाना जाएगा। शहर के पसंदीदा नेता और पूर्व प्रधानमंत्री की याद में नगर निगम ने गुरुवार को ये दोनों नाम बदल दिए। इसके साथ उनके नाम पर रहीमाबाद में 5 हेक्टेयर में अटल उदय वन बनाए जाने  का फैसला भी किया है।

शहर के सबसे व्यस्त हजरतगंज चौराहे का नाम बदलने के बाद गुरुवार को मेयर संयुक्ता भाटिया और नगर आयुक्त इंद्रमणि त्रिपाठी ने यहां अटल चौक के बोर्ड का उद्‌घाटन किया। इस दौरान मेयर ने कहा कि अटल चौराहा नाम मिलने के बाद इस जगह की गरिमा और बढ़ जाएगी। अपने राजनीतिक करियर में अटल जी  का इस स्थान से बड़ा  गहरा लगाव रहा था। ऐसे में उनके लिए यह सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

अटल वन के लिए एमओयू  साइन:
रहीमाबाद में नगर निगम की 5 हेक्टेअर जमीन पर एचसीएल अटल उदय वन का विकास करेगा। इसके लिए नगर निगम और एचसीएल फाउंडेशन के बीच दस साल के लिए एमओयू साइन किया गया है। इसके मुताबिक, एचसीएल यहां करीब एक लाख पौधे लगाने के साथ दस साल तक उनकी देखभाल भी करेगा।

भूमिगत जल का नहीं होगा इस्तेमाल :
मेयर ने यह भी बताया कि अटल उदय वन विकसित करने के लिए एचसीएल को भूमि से जल निकालने  की अनुमति नहीं होगी। इसके पास में स्थित अमौसी और सरोजनीनगर इंडस्ट्रियल एरिया से निकलने वाले दूषित जल को एसटीपी से साफ करने के बाद इसका इस्तेमाल किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button