Uncategorized

संजय गाधी जैविक उद्यान का परिवार अब बड़ा हो गया है। इस उद्यान में अब 22 नए मेहमानों को देख सकेंगे पर्यटक

बिहार की राजधानी पटना का ‘दिल’ माने जाने वाले संजय गांधी जैविक उद्यान का परिवार अब  बड़ा हो गया है। यहां आने वाले पर्यटक अब  22 नए मेहमानों को देख सकेंगे। तमिलनाडु के अरिंगनर अन्ना जूलॉजिकल पार्क बेंडालूर से एक जोड़ा बाघ समेत 22 नए वन्य प्राणी संजय गांधी जैविक उद्यान पहुंच गए हैं। गौरतलब है कि जैविक उद्यान में हर साल लाखों पर्यटक घूमने के लिए आते हैं।

उद्यान के परिवार में शामिल होने के लिए तमिलनाडु से एक जोड़ा युवा बाघ (रॉयल बंगाल टाइगर), एक जोड़ा लायन टेल्ड मकाक, एक जोड़ा ग्रे वुल्फ (भेड़िया), एक जोड़ा ऑस्ट्रिच (शुतुरमुर्ग), एक जोड़ा रेटिकुलेटेड पाइथन, एक जोड़ा सफेद मोर और 10 पेंटेड स्टर्क (पक्षी) के शुक्रवार की रात पटना चिड़ियाघर पहुंचे। संजय गांधी जैविक उद्यान इसके बदले में तमिलनाडु के बेंडालूर चिड़ियाघर को राइन नामक तीन वर्ष की मादा गैंडा और तीन घड़ियाल दे रहा है। दो बाघ के यहां आने से बाघ प्रजनन की क्षमता में वृद्धि हो जाएगी।

पटना संजय गांधी जैविक उद्यान के निदेशक अमित कुमार ने शनिवार को बताया कि पटना उद्यान में एक साथ 22 जानवरों के आने के बाद पटना उद्यान पहले से ज्यादा भरा-पूरा हो गया है। आने वाले पर्यटकों को भी अब ज्यादा जानवर देखने को मिलेंगे। उन्होंने कहा कि नए आए मेहमानों को देखने के लिए आम लोगों को अभी कम से कम 20 दिन इंतजार करना पड़ेगा।

जानवरों को अभी सेफ्टी जोन में रखा गया है। बाहर से आने वाले जानवरों को  20 दिन विशेष निगरानी में रखा जाता है। पटना उद्यान के एक अधिकारी ने बताया कि पटना उद्यान में पहले से ही दो मादा शुतुरमुर्ग हैं। अब एक जोड़ा शुतुरमुर्ग के आने के बाद प्रजनन प्रारंभ हो जाएगा। कुछ ही दिनों पहले कोलकता से एक जेब्रा मंगवाया गया था।

Related Articles

Back to top button