उत्तर प्रदेश

सरयू नदी में पकड़ा गया आठ फीट लंबा मगरमच्छ,पास बसी कॉलोनी में दहशत का माहौल

अयोध्या में मंगलवार रात एक विशालकाय मगरमच्छ मिलने से हड़कंप मच गया। सरयू नदी से सटी मीरापुर दोआबा कॉलोनी में यह मगरमच्छ देख गया जिसके बाद लोग डर गए। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने डायल 100 को सूचना दी और मौके पर पहुंची बचाव टीम ने वन विभाग को बुलाया। यह पूरा वाकया रात लगभग 12:00 बजे के आसपास हुआ। रामघाट हाल्ट के निकट कॉलोनी में पकड़े गए घड़ियाल की लंबाई आठ फीट बताई गई है।
आपको बता दे कि कुछ स्थानीय लोगों को कहना है कि उन्होंने मगरमच्छ को देखा था।

मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से मगरमच्छ को पकड़ने का कार्य किया। कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को पकड़ा जा सका। वन विभाग की टीम मगरमच्छ को पकड़ कर अपने साथ ले गई है। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।

ऐसा बताया जा रहा है कि मगरमच्छ सरयू नदी से निकलकर आबादी में आ गया था । काफी लंबे समय से लोग सरयू में मगरमच्छ देखे जाने की बात कर रहे थे। चंद महीनों पहले ही सरयू नदी में घड़ियाल भी देखा गया था और अब एक विशालकाय मगरमच्छ आबादी की तरफ आया है जिसको देखकर लोग डरे हुए हैं।

दूर-दराज से श्रद्धालु अयोध्या पहुंचते हैं और सरयू में स्नान और पूजन करते हैं। ऐसे में सरयू नदी में मगरमच्छ की आमद चिंताजनक है। हालांकि मगरमच्छ खारे पानी में पाए जाते हैं, लेकिन सरयू नदी में से निकलकर लगभग 200 मीटर दूर कालोनी तक आए मगरमच्छ की खबर शासन और प्रशासन के लिए भी चिंताजनक है।

Related Articles

Back to top button