Main Slideदेश

उड़ान के दौरान थाईलैंड की महिला ने दिया बच्चे को जन्म, कोलकाता हवाईअड्डे पर आपात लैंडिंग

एक अधिकारी ने बताया कि थाईलैंड की महिला ने महिला फ्लाइट अटेंडेंट की मदद से बच्चे को जन्म दिया।

कतर एयरवेज के विमान की ढाका से बैंकॉक की उड़ान के दौरान एक महिला ने मंगलवार को एक बच्चे को जन्म दिया। उसके बाद विमान की कोलकाता हवाईअड्डे पर आपात लैंडिंग कराई गई। एक अधिकारी ने बताया कि थाईलैंड की महिला ने महिला फ्लाइट अटेंडेंट की मदद से बच्चे को जन्म दिया।

उन्होंने बताया कि यह वाकया तड़के 3 बजे की है। विमान कोलकाता के ऊपर से गुजर रहा था। उड़ान संख्या क्यूआर 830 के कैप्टन ने कोलकाता हवाईअड्डे के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क किया और उसे हालात की जानकारी देते हुए आपात लैंडिंग की अनुमति मांगी।

उन्होंने बताया कि विमान जब नागपुर से गुजर रहा था, उस समय महिला को प्रसव पीड़ा हुई। उन्होंने विमान के चालक दल को इसकी सूचना दी और फिर यह मामला पायलट के संज्ञान में आया। पायलट ने एटीसी को सहायता का संदेश भेजा और इजाजत के बाद 352 यात्रियों वाले विमान को तड़के 3:15 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय विमान तल पर उतारा गया।

जच्चा-बच्चा को कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विमान को 5:50 बजे सुबह बैंकॉक के लिए रवाना किया गया।

Related Articles

Back to top button