उत्तराखंडप्रदेश

सपा: कांग्रेस और बीजेपी ने उत्तराखंड को सिर्फ बर्बाद किया है

समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड को कांग्रेस और भाजपा दोनों ने ही बर्बाद करने का काम किया है। प्रदेश का उतना विकास नहीं हो पाया है, जितना होना चाहिए था। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरेगी और कांग्रेस, भाजपा के गठजोड़ को आम जनता तक लाने का काम करेगी। इससे पूर्व पार्टी कार्यकर्ताओं ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का केक काटकर जन्मदिन मनाया। 

गधेशपुर में आयोजित कार्यक्रम में सपा प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह रावत ने कहा कि भाजपा सरकार जीरो टोलरेंस की बात करती है, लेकिन आज तक भ्रष्टाचार में लिप्त एक भी मंत्री के खिलाफ जांच तक नहीं की गई। जब कांग्रेस की सरकार थी, तब भाजपा के लोग ही हर दिन शोर मचाते थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत तानाशाही की ओर बढ़ रहे हैं। जिस तरह से जनता दरबार के दौरान मुख्यमंत्री ने एक शिक्षिका के साथ बर्ताव किया है, उसके लिए पूरी सरकार को माफी मांगनी चाहिए। 

उन्होंने कहा कि इस सरकार को जनहित से कोई सरोकार नहीं है। प्रदेश के अंदर एक भी विकास कार्य नहीं हुआ है। प्रदेश से लगातार पलायन हो रहा है, लेकिन डबल इंजन की सरकार लगातार झूठे वायदे एवं दावे कर रही है। उन्होंने कहा कि सपा अब किसी भी कीमत पर चुप नहीं बैठेगी। जनहित के मुद्दों पर आंदोलन किया जाएगा। सपा निकाय चुनाव लड़ेगी। इस मौके पर उन्होंने जिलाध्यक्ष दीनानाथ यादव एवं लोकसभा प्रभारी नरेन्द्र गुर्जर को संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी।

Related Articles

Back to top button