दिल्ली एनसीआरप्रदेश

2019 लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बीच दिल्ली भाजपा में बदलाव की सुगबुगाहट

लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बीच दिल्ली भाजपा में बदलाव की सुगबुगाहट है। प्रदेश नेतृत्व द्वारा संगठन में कुछ नए चेहरों को शामिल कर चुनावी अभियान को धार देने की योजना है। इसके लिए योग्य चेहरों की तलाश चल रही है। कुछ दिनों में इनके नाम सामने आ सकते हैं। यह बदलाव प्रदेश की मुख्य टीम के अलावा मोर्चे, जिला व मंडल स्तर पर भी देखने को मिल सकता है। विशेष बात कि युवा मोर्चा और महिला मोर्चा के मुखिया तक बदले जा सकते हैं।

बता दें कि लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पिछले माह भाजपा अध्यक्ष अमित शाह दिल्ली के नेताओं के साथ लंबी बैठक की थी, जिसमें संगठन को दुरुस्त करने की हिदायत दी गई थी। इसलिए संगठन में फेरबदल के साथ ही खाली पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 25 जुलाई तक यह बदलाव पूरा कर लिया जाना है।इस बदलाव में उन नेताओं पर गाज गिरना तय माना जा रहा है जिनके पास एक से अधिक दायित्व हैं। इस स्थिति में प्रदेश उपाध्यक्ष जयप्रकाश को अपना पद छोड़ना पड़ सकता है। वह निगम पार्षद के साथ ही दिल्ली जल बोर्ड के सदस्य भी हैं। वहीं, कुलवंत सिंह बाठ के इस्तीफे के बाद से रिक्त उपाध्यक्ष का पद भी भरा जाना है। उन्होंने गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश उत्सव पर आरएसएस से संबंधित सिख संगत की ओर से आयोजित कार्यक्रम के विरोध में भाजपा से नाता तोड़ लिया था।

दो प्रदेश मंत्री भी बदले जाएंगे

प्रदेश मंत्री राजेश लावड़िया उत्तरी दिल्ली नगर निगम के उपमहापौर की भी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इसलिए उन्हें मंत्री पद छोड़ना होगा। वहीं, प्रदेश मंत्री गजेंद्र यादव का भी जाना तय माना जा रहा है, क्योंकि उनकी पत्नी आरती यादव दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में स्वास्थ्य समिति की अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रही हैं। प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष पूनम पराशर झा उत्तरी दिल्ली नगर निगम में स्थायी समिति की सदस्य भी हैं। इसलिए इनकी जगह किसी और को महिला मोर्चा का कमान देने की तैयारी है। भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील यादव को भी बदले जाने की चर्चा है। बताते हैं कि उनकी उम्र ज्यादा होने के कारण उन्हें इस पद से हटाया जा रहा है। उन्हें प्रदेश भाजपा में कोई और जिम्मेदारी मिल सकती है। इसके साथ ही मीडिया इकाई में भी कुछ बदलाव होने की संभावना है। जिलों व मंडलों में भी कई बदलाव होंगे। खाली पड़े कई पद भर दिए गए हैं और जो शेष हैं उन्हें आने वाले कुछ दिनों में भर दिया जाएगा।

मोदी सरकार की नीतियां जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प

दिल्ली प्रदेश भाजपा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा का कार्यकर्ता सम्मेलन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में अध्यक्ष गौरव खारी की अध्यक्षता में हुआ। सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार की उपलब्धियां घर-घर पहुंचाने का प्रण लिया। भाजपा नेताओं ने कहा कि मोदी सरकार ने गरीबों व पिछड़ों को ध्यान में रखकर योजनाएं तैयार की हैं। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि हमारा प्रथम लक्ष्य कार्यकर्ताओं के सहयोग से 2029 तक नरेंद्र मोदी को देश का प्रधानमंत्री बनाए रखना है।

उन्होंने कहा कि ओबीसी समाज के माध्यम से प्रत्येक गांव और प्रत्येक क्षेत्र को भाजपा से जोड़कर केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ घर-घर पहुंचाना है। फसलों का समर्थन मूल्य बढ़ाने का उन्होंने स्वागत किया और कहा कि किसानों की आय निश्चित रूप से दोगुनी होगी।

दिल्ली प्रदेश भाजपा प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि अभी हमारी अर्थव्यवस्था बहुत मजबूत है। ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दारा सिंह चौहान ने कहा कि मोदी के प्रधानमंत्री बनने से पहले ओबीसी समाज उपेक्षित था, अब उनकी पहचान बढ़ रही है। कांग्रेस के असहयोग के कारण पिछले 70 वर्षो में पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा नहीं मिल सका। कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि वर्तमान सरकार पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त शासन दे रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button