दिल्ली एनसीआरप्रदेश

हरियाणा फिर शर्मसार, अब एक राष्ट्रीय खिलाड़ी ने कोच पर लगाया दुष्कर्म का आरोप

मोरनी के बाद अब हरियाणा में दुष्कर्म की एक और शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। ताजा मामले में रेवाड़ी जिले की एक राष्ट्रीय खिलाड़ी (नाबालिग) ने कोच पर डरा-धमकाकर दुष्कर्म करने के आरोप लगाए हैं। कोच बीते ढाई साल से नाबालिग के साथ दुष्कर्म कर रहा था तथा लगातार उसे धमकी भी दे रहा था। इस मामले में शिकायत मिलने पर पुलिस ने अब मुकदमा दर्ज किया है। खिलाड़ी ने परिजनों के साथ एसपी के समक्ष पेश होकर शिकायत दी थी।

महिला खिलाड़ी पर लगे गंभीर आरोप
इसमें एक महिला खिलाड़ी पर भी आरोपित कोच का साथ देने के आरोप लगाए गए हैं। कई जगहों पर किया दुष्कर्म शिकायत में नाबालिग ने कहा कि कोसली निवासी गौरव देसवाल ढाई साल पहले उसे प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए गुरुग्राम लेकर गया था। उसके साथ सोनीपत निवासी एक अन्य खिलाड़ी भी थी। रात में ठहरने के लिए कोच ने होटल में दो कमरे बुक कराए। देर रात कोच ने उसकी साथी महिला खिलाड़ी को अपने कमरे में भेज दिया तथा उसके साथ दुष्कर्म किया।

चंडीगढ़ में भी किया दुष्कर्म
किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। कुछ माह बाद गौरव उसे व उसकी साथी खिलाड़ी को खिलाने लिए चंडीगढ़ ले गया और वहां भी दुष्कर्म किया। इसी तरह रोहतक में भी आरोपी ने डरा-धमकाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद यह सिलसिला चल पड़ा जो पिछले ढाई साल से जारी है। खिलाड़ी सोमवार को एस पी राजेश दुग्गल के सामने पेश हुई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपित कोच के खिलाफ पॉक्सो एक्ट व धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर जाच शुरू कर दी है।

मोरनी में 40 लोगों पर महिला से दुष्कर्म का आरोप

यहां पर बता दें कि मोरनी में एक महिला से लवली गेस्‍ट हाउस में चार दिन में 40 लोगों द्वारा दुष्‍कर्म किए जाने के मामले में पुलिस ने छह और लोगों को गिरफ्तार किया है। इन लोगों को रविवार देर रात गिरफ्तार किया गया है। इस तरह इस मामले में अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। दूसरी ओर, इस मामले में पुलिस के लिए 50 रुपये का नोट पहेली बन गया है। पीडि़त महिला का कहना है कि गेस्‍ट हाउस में दुष्‍कर्म करने के बाद एक पुलिसकर्मी ने इस नोट पर अपना फोन नंबर लिख कर दिया था। उसने कहा था कि कोई दिक्‍कत हो तो इस नंबर पर बात करना।

इस सामूहिक दुष्कर्म मामले में पंचकूला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पंचकूला पुलिस ने इस मामले में छह अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में चंडीगढ़ एवं पंचकूला पुलिस अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। महिला पुलिस थाने में केस दर्ज कर इस मामले की तेजी से जांच शुरू की जा रही है। ममले की जांच एसीपी अंशु सिंगला की अगुवाई में गठित विशेष एसआइटी कर रही है।

एसआइटी ने रविवार देर रात तक मामले में आरोपित छह लोगों को दबाेच लिया। एसअाइटी ने अंबाला जिले के थाना शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ी बस्सी निवासी सुखविंदर सिंह, अंबाला के सेक्‍टर नौ निवासी करण शर्मा, शहजादपुर क्षेत्र बड़ी बस्सी निवासी मनजीत सिंह, अंबाला जिले के थाना नारायणगढ़ के गांव पंजलासा निवासी विकास उर्फ विक्की, अंबाला जिले के गांव काठगढ़ निवासी शादी राम, अंबाला जिले के सढौरा निवासी अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।

पंचकूला के पुलिस उपायुक्त राजेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी सुनील उर्फ सनी को पुलिस सोमवार को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आएगी, जिसके बाद उसे अन्य आरोपों के बारे में पूछताछ की जाएगी। इससे पूर्व चंडीगढ़ पुलिस ने आरोपित लवली गेस्ट हाउस के मालिक सुनील उर्फ सनी एवं अवतार को गिरफ्तार किया था। इसके बाद यह मामला पंचकूला पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया। पंचकूला पुलिस ने शनिवार रात को एक व्यक्ति साहब सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। इस मामले में अभी कुछ ओर गिरफ्तारियां हो सकती है।

यह है घटनाक्रम
मनीमाजरा निवासी महिला पीड़ित महिला ने पुलिस को दिए 164 के बयान में बताया है कि लवली गेस्‍ट हाउस का मालिक सुनील सन्नी उसके पति का जानकार था। सन्नी ने उसके पति को कहा था कि उसे रायपुररानी की तरफ काम के लिए महिला की जरुरत है। इसके बाद पति ने सन्नी को उसकी पत्नी को काम पर रखने के लिए कहा था। 15 जुलाई को वह पत्नी को रामगढ़ ले गया था, जहां से आगे होटल मालिक सुनील उसे कार में बैठाकर फार्म हाउस ले गया।

महिला के अनुसार, उस रात उसने खाने में कुछ नशीली दवाई मिला दी थी। जिसके बाद 15, 16, 17 व 18 जुलाई तक पहले सन्नी और उसके बाद उसके दोस्तों ने बारी-बारी से उससे दुष्कर्म किया। रोजाना उसके साथ 10 से 12 लोग दुष्कर्म करते थे। 16 जुलाई को उसने अपने पति को इस बारे में बताने की कोशिश की, लेकिन सन्नी ने उसके मोबाइल को छीन लिया था। पति भी जब महिला को फोन करता था, तो वह रोती थी, लेकिन आरोपितों के डर के कारण कुछ नहीं कह पाती थी। सन्‍नी इस दौरान महिला से फोन छीन लेता था।

इसके बाद पति ने आरोपित सुनील को फोन किया तो वह बार-बार फोन काट देता था और फिर फोन ब्लैक लिस्ट में डाल दिया। पति ने फिर सुनील को फोन करके कहा कि इसे भेज दो तो वह उसे धमकियां देने लगा।

नशा देकर महिला से रोज किया जाता था दुष्कर्म
आरोपित महिला को नशे के इंजेक्शन देने की धमकी देता था, उसके खाने में नशा मिलाकर बेहोश कर देते थे। महिला के अनुसार 15 से 18 जुलाई तक उससे रोजाना अलग-अलग लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। जब उसने कुछ आरोपितों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने कहा कि वह पुलिस वाले हैं। कभी 10, तो कभी 11 लोग सामूहिक दुष्कर्म करते थे। 18 जुलाई को महिला ने अपने पति को फोन पर कहा कि वह बहुत तंग है और यहां नहीं रुकना चाहती।

Related Articles

Back to top button