विदेश

अमेरिकी अधिकारी का दावा, डोकलाम में चीन ने फिर शुरू की गतिविधि

अमेरिका के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा है कि चीन ने डोकलाम इलाके में चुपचाप अपनी गतिविधियां फिर से शुरू कर दी हैं। और न तो भूटान और न ही भारत ने उसे ऐसा करने से रोका है। दक्षिणी एवं मध्य एशिया के लिए विदेश मंत्रालय के प्रमुख उप सहायक एलीस जी वेल्स ने संसदीय सुनवाई के दौरान यह बात कही। उन्होंने सांसदों से कहा कि मेरा आकलन है कि भारत मजबूती से अपनी उत्तरी सीमा का बचाव कर रहा है और चीन की गतिविधि भारत के लिए चिंता का विषय है। वेल्स भारतीय सीमा के निकट सड़क बनाने की चीन की उग्र गतिविधियों के संबंध में पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे।

भारत और चीन के बीच हिमालयी क्षेत्रों को लेकर लगातार विवाद होते रहे हैं। हाल ही में चीन और भारत के बीच डोकलाम को लेकर गतिरोध पैदा हो गया था। चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी ने डोकलाम में सड़क निर्माण का काम शुरू किया था। इसके बाद से चीन और भारत के बीच इस मुद्दे पर कई दिनों तक गतिरोध रहा था।

महिला सांसद एन वेगनर ने कहा कि हालांकि दोनों देश बाद में पीछे हट गए थे। लेकिन, चीन ने डोकलाम में फिर से अपनी गतिविधियां चुपचाप शुरू कर दी हैं। हिमालयी क्षेत्र में चीन की गतिविधि मुझे उसके दक्षिण चीन सागर नीति की याद दिलाती हैं। चीन पूरे दक्षिण चीन सागर पर अपना दावा करता रहा है। वहीं वियतनाम, मलेशिया, फिलीपींस, ब्रुनेई और ताईवान इस दावे का विरोध करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button