सरकार पर बरसीं नेता प्रतिपक्ष, बोलीं जांच के बजाय विकास पर दे ध्यान
![](https://www.abpbharat.com/wp-content/uploads/2018/08/31_07_2018-indrani_18263775_123026955.jpg)
हल्द्वानी : नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश ने कहा कि भाजपा सरकार जांच के नाम पर षड्यंत्र कर रही है। जबकि, जांच के बजाय सरकार को विकास पर ध्यान देना चाहिए। स्टेडियम देश के प्रतिष्ठित कंपनी ने बनाया है। मानक के अनुसार बनाया गया है। यह शहर के लिए बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने आइएसबीटी के मुद्दे को फिर से उठाया और कहा, आइएसबीटी पूरे कुमाऊं के लोगों के लिए बेहद जरूरी है। पर्वतीय क्षेत्रों में बस ही आवागमन का मुख्य साधन है। इस सरकार में आइएसबीटी बनने की उम्मीद नहीं नजर आती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में स्वीकृत कार्यो को भाजपा सरकार रोकने में लगी है। बदले की भावना से रोके गए विकास कार्यो का हिसाब जनता मांगेगी। उन्होंने कहा कि जांच के नाम पर विकास कार्यो को रोकने पर सड़क से सदन तक हिसाब मांगा जाएगा। इस तरह की मंशा की निंदा करेंगे।
उन्होंने कहा कि आपदा के नाम पर भी सरकार गंभीर नहीं है। जिनके घर बह गए। उन्हें घर तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है। पलायन आयोग बनाने से क्या फायदा, जब पलायन कर रहे लोगों को रोका नहीं जा सकता है। राज्य की आर्थिक हालत भी बेहद खराब है।
विकास कार्य ठप हैं। ठेकेदारों का भुगतान तक नहीं किया जा रहा है। जनसुविधाएं उपलब्ध कराने में सरकार पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। जनता समझ चुकी है, कांग्रेस सरकार में ही विकास कार्य होते हैं।