दिल्ली एनसीआर

दिल्ली में करीबी रिश्तेदार ने किया 16 साल की छात्रा से दुष्कर्म…

 छह साल की छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद अब पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार इलाके में 16 साल की छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि उसके दूर के रिश्तेदार ने ही नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ एक हफ्ते पहले दुष्कर्म किया था। लोकलाज के डर से छात्र ने किसी को इस बारे में नहीं बताया। वह इस घटना से सदमे में थी। शुक्रवार को छात्रा ने स्कूल की दूसरी मंजिल से कूदकर जान देने की कोशिश की, लेकिन समय रहते अन्य छात्राओं ने उसे रोक लिया। इसके बाद दुष्कर्म का मामला उजागर हुआ।

पीड़िता को लेकर परिजन शाम को पुलिस के पास पहुंचे। देर रात विवेक विहार थाने में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।  पीड़िता का परिवार गाजियाबाद इलाके में रहता है। पीड़िता विवेक विहार के सरकारी स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ती है। गत 3 अगस्त को वह स्कूल पहुंची थी। स्कूल की छुट्टी के समय पीड़िता का एक जानकार बाहर खड़ा था।

पीड़िता के स्कूल से निकलते ही वह बहला-फुसलाकर उसे कड़कड़डूमा इलाके में अपने दोस्त के घर ले गया। घर में उसका दोस्त नहीं था। यहां आरोपित ने पीड़िता को पीने के लिए कोल्ड ड्रिंक दी। इसे पीते ही छात्रा बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया। होश आने पर उसे वारदात का पता चला। इसके बाद वह घर लौट गईं, लेकिन डर के कारण उसने आपबीती किसी को नहीं बताई पर छात्रा काफी हताश थी। वह गुमशुम रहने लगी। परिजनों ने कारण भी पूछा तो उसने नहीं बताया।

शुक्रवार को वह स्कूल पहुंची। करीब 10 बजे वह दूसरी मंजिल पर चली गई। यहां से कूदने का प्रयास किया, लेकिन अन्य छात्राओं ने चुन्नी पकड़कर उसे रोक लिया। खुदकशी की कोशिश की सूचना मिलते ही स्कूल में हड़कंप मच गया। स्कूल प्रशासन ने परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजन पीड़िता को घर ले गए। उससे कारण पूछा गया तो इस बार उसने आपबीती बता दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस पीड़िता को उस स्थान पर लेकर पहुंची, जहां उसके साथ वारदात हुई थी।

Related Articles

Back to top button