शो के नए ट्विस्ट्स मेरी तरफ से खास तोहफा होंगे- सोनाक्षी बत्रा

मुंबई। पॉपुलर शो ‘जगद्धात्री’ की दिलचस्प कहानी ने दर्शकों को शुरुआत से बांध रखा है और हाल के एपिसोड्स ने उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। बीते कुछ दिनों में देशमुख और नाइक परिवार, दोनों ही जगद्धात्री (सोनाक्षी बत्रा) और शिवाय (फरमान हैदर) के रिश्ते पर सवाल उठाते नजर आए। जब हर कोई उनके रिश्ते को लेकर शक कर रहा था, तब आजी और माया दोनों उनके समर्थन में खड़ी हुईं। इतना ही नहीं, माया ने सबके सामने दोनों की शादी करवाने का फैसला भी कर लिया। कहानी में चल रहे इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बीच अभिनेत्री सोनाक्षी बत्रा ने शो में आने वाले नए मोड़ को लेकर खुलकर बात की है। उनका कहना है कि दर्शकों को आगे और भी बड़े सरप्राइज़ देखने को मिलने वाले हैं।
सोनाक्षी ने कहा, कि हाल ही में दर्शकों ने देखा कि देशमुख और नाइक परिवार लगातार इस बात पर सवाल उठा रहे हैं कि क्या शिवाय और जगद्धात्री सच में शादीशुदा हैं। इसी बात ने कहानी में काफी ड्रामा पैदा किया है। लेकिन आगे जो होने वाला है, वो इससे भी ज्यादा रोमांचक है। जगद्धात्री की ज़िंदगी में एक बड़ा मोड़ आने वाला है, जो उसकी पूरी दुनिया बदल देगा। मैं इतना जरूर कह सकती हूं कि आने वाली कहानी में भरपूर सरप्राइज, जज़्बात और कई बड़े ट्विस्ट्स देखने को मिलेंगे।
सोनाक्षी ने कहा, दर्शकों ने ‘जगद्धात्री’ को बहुत प्यार दिया है और ये नए ट्विस्ट्स हमारी तरफ से उनके लिए एक खास तोहफा हैं। कहानी में आने वाला हर नया मोड़ दर्शकों को स्क्रीन से बांधे रखेगा और उनकी उत्सुकता बढ़ाएगा कि आगे क्या होने वाला है। एक कलाकार के तौर पर हमें भी इन दृश्यों की शूटिंग करने में बहुत मजा आया। इतनी दिलचस्प और कई परतों वाली कहानी का हिस्सा बनना हमेशा खास होता है। मैंने जगद्धात्री के सफर के हर पड़ाव को निभाने का भरपूर आनंद लिया है। उम्मीद है कि दर्शक भी आने वाले इन ट्विस्ट्स को उतना ही पसंद करेंगे, जितना हमने इन्हें पर्दे पर उतारते हुए किया है। मालूम हो कि ज़ी टीवी पर ‘जगद्धात्री’, रोज़ रात 10 बजे प्रसारित है।



