मध्य प्रदेश

उज्‍जैन में एक करोड़ रुपए का सोना ले जाते मुंबई के दो युवकों को पकड़ा

जीआरपी की टीम ने शुक्रवार शाम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से मुंबई के दो युवकों को 3.144 किलोग्राम सोने के जेवर के साथ पकड़ा। युवकों के पास से 2.31 लाख रुपए भी मिले।

दोनों युवक मुंबई के ज्वेलर्स के सेल्समैन हैं। सोने के जेवर लेकर दोनों उज्जैन सराफा क्षेत्र में व्यापारियों को सैंपल दिखाने के लिए लाए थे। जीआरपी ने उज्जैन दक्षिण क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर अनिल बनवारिया को जानकारी दी। इस पर वह जांच के लिए जीआरपी थाने पहुंचे। पकड़ाए सोने के जेवर की कीमत एक करोड़ रुपए बताई जा रही है। कागजात की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम अनिल बनवारिया ने बताया कि स्टेशन पर जीआरपी की स्टेशन टीम ने प्लेटफार्म नंबर एक पर मुंबई जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे दो युवकों के बैग की जांच की। पकड़ाए युवकों ने अपने नाम जतीन पिता अशोक जैन निवासी न्यू मिलन अपार्टमेंट मुंबई और हेमंत पिता तौलाचंद जैन निवासी डोसा बिल्डिंग सी ब्लॉक मुंबई बताए। युवकों ने बताया कि वे मुंबई के मनीषा ज्वेलर्स के सेल्समैन हैं। बुधवार रात वह मुंबई से 3.144 किलोग्राम सोने के जेवर लेकर अवंतिका एक्सप्रेस से उज्जैन के लिए निकले थे।

इसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपए बताई जा रही है। गुरुवार और शुक्रवार को दोनों ने उज्जैन में सराफा बाजार में कारोबारियों को जेवरात के सैंपल दिखाए। शुक्रवार शाम को इंदौर-बांद्रा ट्रेन से वापस मुंबई जाने के लिए स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे।

मुंबई के युवकों के पकड़ाए जाने की जानकारी मिलने के बाद उज्जैन सराफा बाजार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक जड़िया व कई कारोबारी जीआरपी थाने पहुंचे और दोनों युवकों के संबंध में चर्चा की।

Related Articles

Back to top button