मध्य प्रदेश

महाकालेश्‍वर गर्भगृह में पूजन के लिए शिवराज ने कटाई तीन हजार रुपए की रसीद

 मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने शुक्रवार को सपरिवार महाकाल की पूजा-अर्चना की। इसके लिए उन्होंने 3000 रुपए देकर दो रसीद भी कटाई। महाकाल दर्शन के बाद उन्होंने परिसर स्थित माता भद्रकाली, सिद्धिविनायक गणेश, साक्षी गोपाल के भी दर्शन किए। परिवार के साथ महंत प्रकाशपुरीजी से मिलने भी पहुंचे।

दोपहर 2.30 बजे परिवार के साथ महाकाल मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री ने पुजारी प्रदीप गुरु के आचार्यत्व में भगवान महाकाल का पंचामृत अभिषेक कर महारुरूद्र पूजन किया। उनके साथ पत्नी साधनासिंह और दोनों बेटे भी थे। करीब 20 मिनट तक गर्भगृह में पूजा करने के बाद वे नंदी हॉल में आए और नंदीजी के कान में मन की मुराद मांगी।

सहायक प्रशासनिक अधिकारी दिलीप गरुड़ ने बताया कि प्रवेश बंद के दौरान गर्भगृह में जाकर भगवान महाकाल की पूजा-अर्चना करने के लिए दो व्यक्तियों को 1500 रुपए की रसीद कटानी होती है। मुख्यमंत्री परिवार के साथ आए थे, इसलिए चार लोगों के लिए उन्होंने नियमानुसार 3000 रुपए देकर दो रसीद कटाई।

महाकाल धर्मशाला में उन्होंने तीन कमरे लिए थे। इसके लिए उन्होंने क्रमश: 800, 1050 और 1200 रुपए की तीन रसीद कटवाई। महाकाल दर्शन के बाद मुख्यमंत्री कालभैरव मंदिर पहुंचे। उन्होंने अगहन मास में निकली बाबा कालभैरव की सवारी में पालकी को कंधा भी लगाया।

Related Articles

Back to top button