श्रम मंत्री द्वारा हरदोई में 6112 निर्माण श्रमिकों को 2.56 करोड़ रूपये से अधिक धनराशि पत्र वितरित

प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन व समन्वय मंत्री श्री स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा आज 6112 निर्माण श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के अन्तर्गत 02 करोड़ 56 लाख 13 हजार रूपये की धनराशि के हित लाभ प्रमाण पत्र वितरित किये गये।
संत रविदास शिक्षा सहायता योजना के तहत निर्माण श्रमिकों के पुत्र/पुत्रियों को 100 साइकिल भी वितरित की गयी। श्रम मंत्री श्री मौर्य द्वारा आज हरदोई जनपद के आईटीआई परिसर में श्रम विभाग द्वारा भवन एवं
अन्य सन्निर्माण कर्मकार बोर्ड के अन्तर्गत मिशन शक्ति/महिला सशक्तिकरण अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न श्रमिक हितकारी योजनाओं से हजारों श्रमिकों को लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित करते हुए श्रम मंत्री द्वारा श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी दी गयी। उन्होंने श्रमिकों से अधिक से अधिक पंजीकरण कराने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश सरकार ने पंजीकरण व नवीनीकरण को मार्च, 2021 तक पूर्णतया निःशुल्क कर दिया है। पहले इसके लिए पंजीकरण व नवीनीकरण हेतु 20 रूपये शुल्क देना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि सभी 40 प्रकार के निर्माण श्रमिक अपना पंजीकरण जन सुविधा केन्द्रों पर या फिर स्वयं यूपीबीओसीडब्ल्यूडाटइन पर लाॅगिन कर कर सकता है। उन्होंने कहा कि जन सुविधा केन्द्रों पर पंजीकरण हेतु खर्च की गयी धनराशि की रसीद प्राप्त कर इसे सुरक्षित रखें। इस पैसे की बाद में भरपाई की जायेगी।
कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि मजदूर के बच्चे अब मजदूर न बनें। इसके लिए उन्होंने नारा दिया श्रमिक के बच्चों पढ़ो और आगे बढ़ो। श्रम मंत्री ने हरदोई जनपद के विभागीय अधिकारियों के कार्यों के प्रति लापरवाही व योजनाओं का लाभ देने में शिथिलता पर नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि जिस जनपद में 02 लाख श्रमिकों का पंजीकरण होना चाहिए। वहां मात्र 07 हजार पंजीकरण हुए हैं। यह दर्शाता है कि अधिकारी श्रमिकों के प्रति गम्भीर नहीं हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि अधिकारी पंजीयन के लिए अभियान चलाएं, पंजीकरण कैम्प लगाएं, योजनाओं का लाभ गांव-देहातों तक ले जाने का प्रयास करें।
कार्यक्रम के शुभारम्भ में श्रम मंत्री मौर्य को हरदोई पुलिस द्वारा गार्ड आॅफ आॅनर दिया गया। इसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। अपर श्रम आयुक्त लखनऊ मण्डल श्री वी0के0 राय द्वारा उपस्थित अतिथियों एवं लाभार्थी श्रमिकों का स्वागत किया गया
तथा उपस्थित श्रमिकों को अधिकाधिक पंजीयन कराकर सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठाने हेतु प्रोत्साहित किया गया। मिश्रिख के सांसद श्री अशोक रावत द्वारा प्रधानमंत्री श्री मोदी जी और मुख्यमंत्री श्री योगी जी के कार्यों की सराहना करते हुए
कोरोना काल में श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों को प्रदान की गयी आपदा राहत सहायता योजना की प्रशंसा की गयी और प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने हेतु श्रमिकों को प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सवायजपुर के विधायक कुं0 माघवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ रानू भैया ने श्रम मंत्री द्वारा निर्माण श्रमिकों का पंजीयन एवं योजनाओं के वितरण हेतु प्रत्येक जनपद की सघन निगरानी करने की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी हरदोई श्री अविनाश कुमार ने उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सहायक श्रमायुक्त हरदोई श्री आर0एम0 तिवारी सहित जिला प्रशासन, पुलिस एवं श्रम विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।